हिमाचल में कोरोना संक्रमित महिला की मौत, 83 नए मामले, विद्यार्थी-शिक्षक भी पॉजिटिव
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। शिमला में 53 वर्षीय संक्रमित महिला ने दम तोड़ दिया। प्रदेश में कोरोना वायरस के 83 नए मामले आए हैं। कांगड़ा जिले में 30, मंडी 11, ऊना 14, शिमला सात, चंबा छह, सोलन एक, सिरमौर पांच, कुल्लू दो और बिलासपुर में चार नए मामले आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 58076 पहुंच गया है। सक्रिय मामले 488 पहुंच गए हैं। अब तक 56600 संक्रमित ठीक हो चुके हैं और 976 की मौत हुई है। आज प्रदेश में कोरोना की जांच के लिए 7218 लोगों के सैंपल लिए गए।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस नर्सिंग कॉलेज पालमपुर में एक साथ 30 प्रशिक्षु नर्सों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे कॉलेज प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। ज्ञात रहे कि तीन दिन पहले भी नर्सिंग कॉलेज में कोरोना के मामले सामने आए थे। वहीं एहतियातन कॉलेज में सभी प्रशिक्षु नर्सों व स्टाफ की कोरोना जांच की गई है। सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि संक्रमितों में 18 से 25 वर्ष उम्र तक की प्रशिक्षु नर्सें शामिल हैं। जिन्हें कॉलेज में ही आइसोलेट किया गया है। मंडी जिले में तीन अध्यापकों समेत 11 लोगों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमओ मंडी डॉ. देवेंद्र शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। ऊना में राजकीय महाविद्यालय चौकी मन्यार के दो शिक्षक और सीसे स्कूल घालून का एक शिक्षक पॉजिटिव पाया गया है।
बिलासपुर में दो स्कूल दो दिन के लिए बंद
वहीं, बिलासपुर जिले में बुधवार को कोरोना के चार नए मामले सामने आए हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाहड के दो कर्मचारी और प्राथमिक पाठशाला साई ब्राह्मणा का एक विद्यार्थी संक्रमित हुआ है। सरकार के दिशा-निर्देशानुसार अब स्कूल दो दिन के लिए बंद रहेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश दड़ोच ने इसकी पुष्टि की है।
दूसरे चरण में 59.6 फ्रंटलाइन कर्मचारियों को लगा टीका
हिमाचल में कोरोना टीकाकरण के दूसरे चरण में 59.6 फ्रंटलाइन कर्मचारियों को टीका लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग ने पहले दिन 8098 कर्मचारियों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा था। इसमें 4825 को टीका लगा है। सबसे ज्यादा लाहौल-स्पीति जिले में लोगों को वैक्सीन लगाई गई जबकि जिला सोलन में कम लोगों ने वैक्सीन लगाने में रुचि दिखाई है। ऊना जिले में किसी को भी टीका नहीं लगा है। दूसरे चरण में 48 हजार कार्यकर्ताओं को ये टीका लगाया जाना है।