संकट के सिपाही : महामारी में डटे हैं मोर्चे पर, सेवा के साथ समर्पण का जज्बा
- मुस्लिम नवयुवक सोसायटी नाहन ने मंदिर-दरगाह के बाहर बैठकर गुजर बसर करने वालों को दीं राशन किटें
विस्तार
मुस्लिम नवयुवक सोसायटी नाहन ने मंदिर और दरगाह के बाहर बैठकर अपना गुजर बसर करने वाले जरूरतमंद लोगों को राशन की किटें वितरित कीं। धार्मिक स्थल बंद होने के कारण इन लोगों को खाने के लाले पड़ गए थे। सोसायटी ने ऐसे लोगों की पहचान कर उन तक राशन की किटें पहुंचाईं। मुस्लिम नवयुवक सोसायटी नाहन ने वीरवार को लखदाता पीर के बाहर राशन किटें वितरित कीं।
सोसायटी के अध्यक्ष बॉबी अहमद, उपाध्यक्ष सरफराज गौरा, महासचिव हाजी अमजद, आसीम, अर्श अहमद, सैफ अली ने मंदिर और दरगाह के बाहर बैठकर गुजर बसर करने वाले मुफलिसी के दौर से गुजर रहे 25 जरूरतमंद लोगों को राशन किटें वितरित की। इन किटों में चावल, आटा, आलू-प्याज, दूध, चाय पत्ती, चीनी, नमक, तीन किस्म की दालें, ब्रैड आदि सामग्री शामिल है।
अध्यक्ष बॉबी अहमद ने बताया कि धार्मिक स्थल बंद हैं। इस कारण धार्मिक स्थल के बाहर बैठकर अपना गुजर बसर करने वाले लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। सोसायटी ने शहर के 25 ऐसे जरूरतमंद लोगों को राशन किटें दी हैं। जो लोग राशन किटें लेने नहीं आ पाए हैं, उन तक राशन की किटें उनके घर जाकर पहुंचाई जाएंगी।
कोरोना को परास्त कर फिर मोर्चे पर डॉ. निहारिका मौर्या, जौनपुर
कोरोना महामारी के बीच महिला चिकित्सक डॉ. निहारिका मौर्या हौसले के साथ डटी हुई हैं। वह पिछले महीने कोरोना के सैंपल लेने और मरीजों का उपचार करते हुए संक्रमित हो गई थीं, लेकिन ड्यूटी का जज्बा कम नहीं हुआ। खुद को स्वस्थ कर फिर से सैंपल लेने से लेकर मरीजों के उपचार में जुट गई हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर में तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. निहारिका कहती हैं कि कोरोना से घबराने की नहीं, सावधानी बरतने की जरूरत है। मास्क लगाकर रखे, क्योंकि आपका मास्क दूसरों को और दूसरों का मास्क आपको सुरक्षित रखेगा।
वह अस्पताल में आने वाले मरीजों का इलाज करने के साथ-साथ होम आइसोलेशन वाले मरीजों को फोन कर नियमित रूप से उनका हाल जानती हैं। जिन मरीजों की कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या होती है तो उसका वह समाधान भी करती हैं।
होम आइसोलेशन में रहकर वे कोरोना को कैसे परास्त कर सकते हैं, इसके लिए लोगों का हौसला बढ़ाती हैं। बृहस्पतिवार को भी उन्होंने अस्पताल से फिरोजपुर की मालती देवी को फोन किया। इस वक्त उनके परिवार में चार लोग कोरोना से संक्रमित हैं। साथ ही रामपुर की आशा सिंह समेत 46 कोरोना पॉजिटिव मरीजों से कुशल क्षेम पूछा।