फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Congress roared against the central govt outside the Raj Bhavan under the leadership of state president Pratib

Himachal: राजभवन के बाहर प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में केंद्र सरकार के खिलाफ गरजी कांग्रेस

Wed, 18 Dec 2024 09:59 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला Published by: Krishan Singh Updated Wed, 18 Dec 2024 09:59 PM IST
सार

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह की अगुवाई में बुधवार को प्रदेश, जिला और ब्लॉक के कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता रैली करते हुए राजभवन के बाहर पहुंचे। कांग्रेस पार्टी के इस प्रदर्शन को लेकर राजभवन की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई थी। राजभवन का गेट बंद किया गया।

विज्ञापन
Congress roared against the central govt outside the Raj Bhavan under the leadership of state president Pratib
राजभवन के बाहर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर हिमाचल कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ राजभवन के बाहर प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को लेकर राजभवन में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। इस दौरान राजभवन का गेट बंद कर दिया गया था। प्रतिभा सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र में बैठे भाजपा नेता और सरकार कारोबारी गौतम अडानी और उनके सहयोगियों को बचाने में लगी है। अमेरिका की अदालत में अडानी पर गंभीर आरोप लगे है। इससे घरेलू व अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के बीच विश्वास की हानि हुई जो बहुत ही चिंताजनक है। इससे देश की प्रतिष्ठा पर भी आंच आई है।

विज्ञापन




उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद के अंदर बार-बार अडानी की वित्तीय धोखाधड़ी को लेकर सरकार से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन केंद्र की मोदी सरकार ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संसदीय चर्चा को जानबूझकर कर रोकना और इस मुद्दे पर मौन रहना लोकतंत्र में जिम्मेदारी व जवाबदेही से बचने का चिंताजनक संकेत है, जो कभी सहन नहीं किया जा सकता। उन्होंने अडानी को जल्द गिरफ्तार करने और उन पर भ्रष्टाचार का मामला दर्ज करने की मांग की। प्रतिभा सिंह ने मणिपुर में बढ़ती हिंसा, गोलीबारी, कर्फ्यू और बढ़ती अराजकता पर भी चिंता की और इसके लिए केंद्र सरकार को कोसा। उन्होंने कहा कि केंद्र मणिपुर की पूरी तरह अनदेखी कर रहा है। मणिपुर में हर रोज लोगों की जानें जा रही हैं। मणिपुर के लोग भय और हिंसा के साये में जी रहे हैं। मणिपुर की सरकार भी लोगों की रक्षा करने में विफल रही है। केंद्र की मोदी सरकार ने मणिपुर पर अपनी आंखें बंद कर रखी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर का दौरा तक नहीं किया। इससे साफ है कि प्रधानमंत्री को मणिपुर की कोई चिंता नही है।
विज्ञापन


भाजपा संविधान को कमजोर करने में लगी : चौहान
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी चेतन चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार तानाशाह ही बन गई है। संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर सरकार का विरोध करने वालों के खिलाफ पुलिस मामले बनाए जा रहे हैं। देश में सांप्रदायिकता को बढ़ावा दिया जा रहा है जो बहुत ही चिंता की बात है। कांग्रेस नेता विदित चौधरी ने कहा कि कांग्रेस देश के साथ अन्याय नहीं होने देगी। इसके खिलाफ लोगों को जागरूक करेगी।

हिमाचल के वित्तीय संसाधनों पर चलाई जा रही कैंची : सुरेंद्र चौहान
शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार को देश के किसानों की नहीं, अपने पूंजीपति दोस्तों की ज्यादा चिंता है। किसानों को अपनी मांगों को लेकर दिल्ली जाने से रोका जा रहा है। देश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। केंद्र सरकार हिमाचल के वित्तीय संसाधनों पर कैंची चला रही है। ओपीएस का 9000 करोड़ रुपये जारी नहीं किया है। आपदा में हिमाचल की मदद तक नहीं की गई। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोला। प्रदर्शन में प्रदेशभर से वरिष्ठ नेता, नगर निगम के पार्षद, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

विज्ञापन

कांग्रेस शासन में प्रदेश की जनता महंगाई से बेहाल : अनुराग
पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रदेश में सीमेंट की कीमतों में फिर बढ़ोतरी होने पर कांग्रेस सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में हिमाचल में महंगाई की मार से जनता बेहाल है, मगर सरकार अपनी नाकामियों का जश्न मनाने में व्यस्त है। अनुराग ने कहा कि हिमाचल के इतिहास की ये सबसे निकम्मी सरकार है, जिसने प्रदेश के हर वर्ग को सिर्फ ठगने और जनता पर महंगाई कि बोझ डालने का काम किया है। इस सरकार की नाकामी के चलते हिमाचल प्रदेश में सीमेंट की कीमतों में फिर बढ़ोतरी हुई है। अगस्त से लेकर अब तक यह तीसरी बार है जब कीमतों में इजाफा हुआ है। चिराग तले अंधेरा की कहावत हिमाचल में चरितार्थ होती है। यहां सीमेंट का उत्पादन हो तो रहा है, मगर इसके दाम पड़ोसी राज्यों के मुकाबले अधिक हैं। पहले पेट्रोल, डीजल और अब सीमेंट के दामों में बढ़ोत्तरी ना सिर्फ हिमाचलवासियों के साथ धोखा है बल्कि यह प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर सुदृढ़ीकरण को भी प्रभावित करने वाला है। आम जनता जरूरी चीजों के बढ़ते दामों से परेशान है लेकिन सरकार कोई ठोस कदम उठाने में नाकाम रही है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि मुफ्त बिजली का वादा करके सरकार ने उसपर सेस, मुफ्त पानी का वादा करके उस पर चार्ज लगाकर जनता को छलने का काम किया है। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार की नीति व नीयत ने जनता का जीना मुहाल कर दिया है। आए दिन इनके जनविरोधी फैसलों से जनता तंग आ चुकी है। कांग्रेस चुनावों में झूठी गारंटियों का वास्ता देकर हिमाचल की भोली-भाली जनता को ठग कर प्रदेश में सरकार तो बना ली, मगर गारंटियों पूरी करना तो दूर हर दिन महंगाई का बोझ बढ़ाती जा रही है। कांग्रेस खुद तो पूरी तरह आकंठ विलासिता में डूबी हुई है, मगर प्रदेश की जनता पर आए दिन महंगाई के चाबुक से वार कर रही है। कांग्रेस ने सरकार में आते ही लोगों की बेहतरी के खोखले वादे किए थे, परंतु जैसे ही सरकार में आए वैसे ही एक नहीं बल्कि दो बार पेट्रोल और डीजल पर टैक्स लगाया। जब पूरे प्रदेश में भयंकर बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त था तब यह पेट्रोल के दाम बढ़ाने में लगे थे। जब राज्य में भाजपा की सरकार थी तब डबल इंजन की सरकार के माध्यम से दो बार दाम कम किए गए थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed