MC Shimla Election: नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची जारी, यहां देखें
कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी के चेयरमैन हर्षवर्धन चौहान ने प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह के साथ मंगलवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में उम्मीदवारों की घोषणा की। पहली सूची में सिर्फ सात नामों की घोषणा की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शिमला नगर निगम चुनाव में प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करने में कांग्रेस ने बढ़त बना ली है। कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी के चेयरमैन हर्षवर्धन चौहान ने प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह के साथ मंगलवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में उम्मीदवारों की घोषणा की। पहली सूची में सिर्फ सात नामों की घोषणा की है।
यह वह वार्ड हैं जहां कांग्रेस टिकट के लिए सिर्फ एक-एक आवेदन आए थे। इन वार्डों में वार्ड नंबर दस टूटीकंडी से उमा कौशल, लोअर बाजार वार्ड नंबर 15 से उमंग बांगा, वार्ड 17 बैनमोर से शीनम कटारिया, वार्ड 23 भट्ठाकुफर से नरेंद्र ठाकुर, छोटा शिमला वार्ड 28 से सुरेंद्र चौहान, वार्ड नंबर 31 पटयोग से दीपक रोहाल और वार्ड नंबर 32 न्यू शिमला से कांग्रेस ने कुसुमलता को प्रत्याशी बनाया है।
अंतिम सूची बुधवार को होगी जारी
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि कांग्रेस बुधवार शाम या गुरुवार सुबह तक शेष वार्डों के लिए भी प्रत्याशियों की सूची जारी कर देगी। उन्होंने कहा कि शेष बचे 27 वार्ड में दो या दो से अधिक आवेदन आए हैं। विधायकों के साथ बैठक तैयार किए तीन-तीन दावेदारों के पैनल के नाम पर चर्चा की जाएगी। कांग्रेस ने इसके लिए सर्वे करवाया है। इसी आधार पर टिकट दिए जाएंगे।
जल्द जारी होगा घोषणापत्र : चौहान
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि 18 या 19 अप्रैल को कांग्रेस अपना दस गारंटी वाला घोषणा पत्र जारी कर देगी। दावा किया कि कांग्रेस नगर निगम चुनाव में भारी बहुमत से जीत कर आएगी। चौहान ने कहा कि भाजपा ने अपने हितों को ध्यान में रखकर वार्ड बढ़ाने, वार्ड के क्षेत्र से छेड़ाछाड़ की है। भाजपा ने चुनाव टालने का पूरा प्रयास किया। भाजपा को डर सता रहा था कि लोस चुनाव से पूर्व नगर निगम चुनाव करवाने पर कांग्रेस के पक्ष में परिणाम आने का सीधा असर लोस विधानसभा चुनाव पर पड़ेगा।
भाजपा 12 को सभी वार्डों में उतारेगी प्रत्याशी
भाजपा 12 अप्रैल को नगर निगम शिमला के सभी 34 वार्डों के प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। भाजपा प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि सभी 34 वार्डों की बैठकें हो चुकी है। 12 अप्रैल को चुनाव समिति की बैठक शिमला में होगी, जिसमें भाजपा के नगर निगम में 34 प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। 13, 17 और 18 अप्रैल को भाजपा प्रत्याशी नामांकन भरेंगे।
विकास थापटा ने थामा भाजपा का दामन
वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी ने भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर शिमला में समाजसेवी एवं मदद सेवा ट्रस्ट के प्रेस सचिव विकास थापटा को भाजपा की सदस्यता दिलवाई। सुखराम चौधरी ने विकास थापटा का भाजपा परिवार में स्वागत किया।
थापटा ने कहा कि यह उनके जीवन की किसी राजनीतिक दल की प्रथम सदस्यता है। कहा कि भाजपा सारे समाज को एक साथ लेकर आगे बढ़ने का कार्य करती है और जिस प्रकार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे समाज के लिए एवं हर वर्ग का ध्यान रखते हुए कार्य किया है। इससे प्रभावित होकर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा है।
उन्होंने शिमला मंडल के इंजन घर वार्ड से भाजपा की सदस्यता ग्रहण ही। इस अवसर पर विधायक विनोद कुमार, भाजपा के वरिष्ठ नेता रवि मेहता, कार्यालय सचिव प्यार सिंह कंवर, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, जिला अध्यक्ष विजय परमार, त्रिलोक कपूर और विजय शर्मा मौजूद रहे।