कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसपी ऑफिस के बाहर दिया धरना, एक सप्ताह का अल्टीमेटम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधायक के होटल के बाहर हुड़दंग मचाने वालों के विरोध में धरने पर बैठे सदर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने 48 घंटे बाद अपना धरना समाप्त कर दिया है। सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसपी ऑफिस के बाहर धरना प्रदर्शन किया।
इस दौरान एसपी कुल्लू मुर्दाबाद के नारे लगे। पुलिस ने भारी सुरक्षा बल तैनात किया था। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने कहा कि कुल्लू पुलिस गुंडागर्दी करने वालों पर कार्रवाई नहीं कर पा रही है। लेकिन कांग्रेस पार्टी यह बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस पार्टी पुलिस को सात दिन का समय देती है।
अगर इस दौरान पुलिस ने दोषियों पर कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस उग्र प्रदर्शन करेगी। वहीं सदर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि पुलिस व प्रशासन पूरी तरह से फेल हो गया है। पुलिस ने उन्हें धरने से उठाने के लिए एसपी ऑफिस में कोरोना संक्रमण आने का ड्रामा रचा है। लेकिन यह सब अधिक नहीं चलेगा।
भाजपा अशांति फैलाने का कर रही प्रयास: राठौर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह महाराष्ट्र को लेकर प्रदेश में अशांति फैलाने का प्रयास कर रही है। महाराष्ट्र में बीएमसी की कार्रवाई का विरोध कर हिमाचल में भाजपा कांग्रेस नेताओं के खिलाफ भड़ास निकालकर लोगों को गुमराह कर रही है। कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के आवास पर जबरन घुसने, धक्कामुक्की और नारेबाजी करने की निंदा करते हुए जिला प्रशासन की ओर से कोई भी कार्रवाई न करने पर कड़ा रोष जताया है।
राठौर ने भाजपा नेताओं की पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ नारेबाजी की आलोचना करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में बीएमसी की कार्रवाई से प्रदेश कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है। वीरभद्र सिंह के खिलाफ भाजपा की नारेबाजी और प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय का घेराव व नारेबाजी इनकी बौखलाहट ही है।
भाजपा नेताओं ने जिस प्रकार से शिमला स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के आवास को अवैध बताकर तोड़ने की धमकी दी है, उससे भी साफ है कि वह प्रदेश में गुंडाराज को बढ़ावा देना चाहती है। राठौर ने कहा कि जब एक जनप्रतिनिधि का घर ही सुरक्षित नहीं है तो आम लोग कैसे सुरक्षित रह सकते हैं। भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उन्होंने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ बयानबाजी बंद नहीं की तो कांग्रेस को मजबूरन विरोध में मैदान में उतरना पड़ेगा।