Lok Sabha Election: हिमाचल में कांग्रेस की आधी आबादी पर नजर, उतार सकती है तीन प्रत्याशी
प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दौरान आधी आबादी को साधने के लिए कांग्रेस तीन महिलाओं को प्रत्याशी बना सकती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दौरान आधी आबादी को साधने के लिए कांग्रेस तीन महिलाओं को प्रत्याशी बना सकती है। मंडी से प्रतिभा सिंह, कांगड़ा से आशा कुमारी, शिमला से दयाल प्यारी को चुनावी रण में उतारने की चर्चा है। इन तीनों महिलाओं के नाम हाईकमान के समक्ष छह अप्रैल को नई दिल्ली में होने वाली बैठक में रखे जाने वाले पैनल में शामिल किए गए हैं।
कांगड़ा, शिमला और मंडी से महिला प्रत्याशियों को उतारकर इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत 1500 रुपये की राशि के मामले को भी जोरदार तरीके से उठाने की तैयारी है। कांग्रेस ने चुनाव प्रचार के रफ्तार पकड़ने से पहले ही भाजपा को घेरते हुए 1500 रुपये देने की योजना को रोकने के लिए चुनाव आयोग के पास पहुंचने को मुद्दा बना दिया है।
मुख्यमंत्री सहित सरकार के सभी मंत्री और विधायक प्रदेश के दौरे कर इस मामले को जोरदार तरीके से उठाते हुए भाजपा को महिला विरोधी करार दे रहे हैं। इसके अलावा देश में बढ़ती महंगाई और महिला सुरक्षा के मुद्दों को भी कांग्रेस चुनाव प्रचार के दौरान उठाने की रणनीति पर काम कर रही है।
हिमाचल प्रदेश में हुए बीते तीन लोकसभा चुनावों में मतदान करने के लिए भी महिलाएं अधिक संख्या में घरों से बाहर निकली हैं। 2019 के चुनाव में 74 फीसदी महिलाओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। इन सभी बिंदुओं पर ध्यान देते हुए ही इस बार के लोकसभा चुनाव में महिलाओं को प्रत्याशी बनाकर सत्तारूढ़ दल ने नई बिसात बिछाने की तैयारी कर ली है।
हमीरपुर से भी हो रही है महिला प्रत्याशी की पैरवी
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का मुकाबला करने के लिए महिला को प्रत्याशी बनाने के लिए कांग्रेस का एक धड़ा बड़े स्तर पर पैरवी कर रहा है। जिला ऊना से पार्टी ने प्रत्याशी दिए जाने की पेशकश हाईकमान के पास भी की है। बीते माह दिल्ली में हुई कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में भी यह मामला उठ चुका है लेकिन, फिलहाल यह मुहिम अभी सिरे चढ़ती नहीं दिख रही है।
प्रतिभा सिंह मंडी से हैं सांसद
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह मंडी से वर्तमान में सांसद हैं। मंडी से चुनाव मैदान में उतारने के लिए प्रतिभा सिंह कांग्रेस के पास सबसे सशक्त उम्मीदवार हैं। कांगड़ा संसदीय सीट से पूर्व मंत्री आशा कुमारी को प्रत्याशी बनाकर इस सीट पर बीते कई वर्षों से जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधकर हो रही राजनीति में बड़ा बदलाव करते हुए कांग्रेस नया प्रयोग करने की तैयारी में है। उधर, शिमला संसदीय सीट से जिला सिरमौर की दयाल प्यारी को प्रत्याशी बनाने की तैयारी है।
भाजपा ने सिरमौर के रहने वाले सुरेश कश्यप को दोबारा प्रत्याशी बनाया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि दयाल प्यारी के प्रत्याशी बनने से सिरमौर-सोलन के वोटों का ध्रुवीकरण होगा। शिमला जिला में पार्टी के पास अपना परंपरागत वोट पहले से है। ऐसे में दयाल प्यारी के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला करीबी रहेगा।
आंकड़ों में महिला शक्ति
साल कुल महिला मतदाता मतदान मतदान प्रतिशतता
2004 2039746 1212205 59.03
2009 2240602 1334297 59.55
2014 2320836 1528465 65.85
2019 2605996 1936405 74.03