मुख्यमंत्री बोले, फेल होंगी भाजपा की सारी चालें, मैं 7वीं बार बनूंगा सीएम
शीतकालीन प्रवास के दौरान कांगड़ा के इंदौरा में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भाजपा के खिलाफ जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा उनके खिलाफ कितनी भी चालें चले, कितने भी बेहूदा आरोप लगा ले, लेकिन वे उनकी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।
भाजपा ने मुझे हटाने के लिए ओछे हथकंडे अपनाए, लेकिन मैं चट्टान की तरह स्थिर हूं और मुख्यमंत्री हूं। आगामी विस चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाकर भाजपा को उसका चेहरा दिखाएंगे और सातवीं बार मुख्यमंत्री बनकर लोगों की सेवा करेंगे।
सीएम बोले - भाजपाइयों ने उन पर कई झूठे केस बनाए और लांछन लगाए, लेकिन कोई भी आरोप साबित नहीं हो पाया। इससे भाजपा तिलमिला गई है। कहा कि राज्य का विकास भाजपा को नहीं दिखता, क्योंकि उनकी आंखों में पट्टी बंधी हुई है।
अवैध खनन करने वाले कितने भी बड़े क्यों न हों, नहीं बचेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल की खड्डों में अवैध खनन करने वाले लोग चाहे कितने बड़े क्यों न हों, उन्हें सलाखों के पीछे भेजने के लिए सरकार विचार कर रही है। ऐसे तत्वों से निपटने के लिए सरकार कानून में संशोधन करेगी।
इसके बाद अवैध खनन में प्रयोग की जा रही मशीनरी को जब्त करने के साथ खनन माफिया को सलाखों के पीछे डाला जाएगा। शीत प्रवास के दौरान इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के चंगराड़ा में जनसभा के दौरान सीएम ने खनन से संबंधित विभागों के अफसरों को माफिया के विरुद्ध एकजुट होकर सख्ती से निपटने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि खनन माफिया ने लालच में अवैध खनन कर खड्डों का रुख मोड़ दिया है। भारी वाहनों से पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अब खनन माफिया के दिन लद गए हैं। मुख्यमंत्री ने पंजाब और हिमाचल के सीमांत क्षेत्र की जल्द निशानदेही करवाने का एलान किया। इसके लिए देहरादून से स्पेशल टीम आकर कार्य करेगी।