सीएम ने होनहारों को दिए लैपटॉप, मुफ्त वर्दी भी इसी साल मिलेगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस साल से 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को भी मुफ्त वर्दी देने का एलान किया है। सीएम ने रविवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र पाठशाला सुंदरनगर में आयोजित कार्यक्रम में राजीव गांधी डिजिटल स्टूडेंट्स योजना के तहत वर्ष 2014-15 में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं परीक्षा में अव्वल रहे जिले के 86 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप देकर नवाजा।
अन्य मेधावियों को अब जिला शिक्षा उप निदेशक लैपटॉप बांटेंगे। कुल दस हजार मेधावी बच्चों को ये लैपटॉप बांटे जाएंगे। मुख्यमंत्री ने ई-डीएचई पोर्टल और इन्फार्मेशन कियोस्क मशीन का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में दो स्कूलों को मॉडल बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री आदर्श विद्यालय योजना के तहत इन स्कूलों को अलग बजट दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ज्ञान दीप परियोजना के तहत मेधावी विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए चार प्रतिशत ब्याज पर दस लाख तक शिक्षा ऋण ले सकते हैं।
टेबल पर अब फाइलों का नहीं लगेगा ढेर
शिक्षा विभाग ई-डीएचई पोर्टल लांच करने वाला पहला महकमा बन गया है। इस ई-डीएचई पोर्टल से दफ्तरों में फाइलें टटोलने और एक टेबल से दूसरे टेबल तक पहुंचाने से निजात मिलेगी। कागज की खपत भी कम होगी।
इन्फार्मेशन कियोस्क मशीन में एक क्लिक से फाइल व अन्य कार्य की सूचना आसानी से पता की जा सकेगी। इस पोर्टल से ऑनलाइन इलेक्ट्रॉनिक डायरी, स्कैनिंग ऑफ इंवार्ड लेटर डिस्पेच, ई फाइल, नोटिंग, ड्राफ्टिंग, अप्रूवल, डिजिटल सिग्नेचर की सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल पेपर लैस सोसायटी की ओर बढ़ रहा है।
समारोह में ये रहे मौजूद
समारोह में शिक्षा निदेशक दिनकर बुराथोकी, आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी, सीपीएस एवं स्थानीय विधायक सोहन लाल ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष चंपा ठाकुर, उपाध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर, मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन हरेंद्र सेन, उपायुक्त संदीप कदम, पुलिस अधीक्षक प्रेम कुमार ठाकुर, उच्च शिक्षा उप निदेशक सुशील पुंडीर, प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक केडी शर्मा, सुंदरनगर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत शर्मा आदि मौजूद रहे।