फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   cm sukhvinder Sukhu said - time to defeat money power with people power

Himachal News: मुख्यमंत्री सुक्खू बोले- धन-बल को जन-बल से पराजित करने का वक्त

Sat, 27 Apr 2024 07:21 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला Published by: Krishan Singh Updated Sat, 27 Apr 2024 07:21 PM IST
सार

प्रेस बयान में सुक्खू ने कहा कि जनता के साथ किए विश्वासघात को सहन नहीं किया जा सकता। अब धन-बल को जन-बल से पराजित करने का वक्त आ गया है। 

विज्ञापन
cm sukhvinder Sukhu said - time to defeat money power with people power
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा ने धन-बल का इस्तेमाल कर वोट की ताकत का निरादर किया है। कांग्रेस के छह विधायक धन-बल के प्रभाव में आकर बिक गए और जनता के साथ विश्वासघात किया। उनके स्वार्थ ने प्रदेश की जनता पर छह विधानसभाओं में उपचुनाव का अनावश्यक बोझ डाल दिया है। प्रेस बयान में सुक्खू ने कहा कि जनता के साथ किए विश्वासघात को सहन नहीं किया जा सकता। अब धन-बल को जन-बल से पराजित करने का वक्त आ गया है। लगभग डेढ़ वर्ष के छोटे से कार्यकाल में राज्य सरकार ने प्रदेश हित के लिए समर्पित भाव से कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सबको सम्मान, सबको अधिकार के मंत्र के साथ राज्य सरकार आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2027 तक हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने भरसक प्रयास कर रही है। हमारा वर्ष 2032 तक राज्य काे देश का सबसे समृद्ध प्रदेश बनाने का संकल्प है।

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास हो, युवाओं को रोजगार मिले, बच्चों का बेहतर भविष्य बने, महिलाएं आत्मनिर्भर बनें तथा किसान और मजदूर आर्थिक रूप से सशक्त बने, इसके लिए राज्य सरकार दिन-रात मेहनत कर रही है। सुक्खू ने कहा कि हमने लैंड सीलिंग एक्ट में संशोधन कर बेटियों को बेटे के बराबर दर्जा दिया है। आम आदमी की राजस्व से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के लिए नियमों में बदलाव किया और राजस्व लोक अदालतों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन अदालतों के माध्यम से लंबित लाखों राजस्व मामलों का निपटारा किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मात्र डेढ़ साल में ही राज्य सरकार ने 10 में से 5 प्रमुख चुनावी गारंटियों को पूरा कर दिया है। जनता ने सरकार को पांच साल के लिए चुना है। हम अपने सभी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही वर्तमान राज्य सरकार की ताकत है।

विज्ञापन

बिकाऊ राजनीति से भाजपा ने हिमाचल की संस्कृति को किया कलंकित : केवल
 उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा है कि आने वाले चुनावों में हिमाचल प्रदेश के मतदाता खरीद-फरोख्त की राजनीति को करारा जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक चुनी हुई सरकार को धनबल से गिराने की साजिश रची जो दुर्भाग्यपूर्ण है। जनता भाजपा को हिमाचल प्रदेश की संस्कृति को कलंकित करने के कुकृत्य को कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों और 6 विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनावों में कांग्रेस भारी मतों से विजय हासिल करेगी। शनिवार को जारी प्रेस बयान में केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू एक आम परिवार से निकलकर कड़ी मेहनत के बाद मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे हैं। वह जन समस्याओं से भलीभांति परिचित हैं। उनके नेतृत्व में वर्तमान राज्य सरकार ने जन कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं तैयार की और उन्हें धरातल पर उतारा।

विज्ञापन

मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद सुखविंद्र सिंह सुक्खू सीधे बालिका आश्रम गए और उनकी मुश्किलों को समझते हुए अनाथ बच्चों के लिए मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना शुरू की। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने देश के इतिहास में पहली बार अनाथ बच्चों के लिए कानून बनाकर उन्हें चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के रूप में अपनाया। कांग्रेस ने सत्ता में आकर प्रदेश की महिलाओं के साथ किए गए 1500 रुपये प्रति माह सम्मान निधि प्रदान करने के वादे को पूरा करके इतिहास रचा है। भाजपा नेता बार-बार चुनाव आयोग के पास जाकर इस योजना को रोकने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन भाजपा के विरोध के बावजूद वर्तमान राज्य सरकार प्रदेश की महिलाओं को 1500 रुपये हर हाल में प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि जून में 3000 रुपये महिलाओं के खाते में जमा किए जांएगे।
 

विज्ञापन

महिला सम्मान निधि पर झूठ बोल रही भाजपा : नेगी
बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह मातृ श्राप से बचने के लिए अब झूठ बोल रही है। वे कह रहे हैं कि महिला सम्मान निधि का विरोध नहीं किया है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में नेगी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपने नेताओं के साथ चुनाव अधिकारी के पास गए और उन्हें लिखित तौर पर इस प्रक्रिया को रोकने का दबाव बनाया। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ बोलने में माहिर है। नेगी ने कहा कि महिलाओं को 1500 रुपये देने की योजना को फरवरी 2024 को काजा में प्रथम चरण में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्पीति की महिलाओं के लिए जारी किया था। बाकी हिमाचल में पात्र महिलाओं से इसके फार्म भरने की प्रक्रिया को भाजपा ने रोकने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने चुनाव आयोग से इस बारे में अपनी स्थिति स्पष्ट की तो चुनाव आयोग ने इस प्रक्रिया को जारी रखने की अनुमति सरकार को दी है। इसलिए प्रदेश की सभी पात्र महिलाएं अपने फार्म कल्याण अधिकारी के पास जमा करवा सकती हैं।

प्रदेश में एक भी काम नहीं जो भाजपा ने किया हो : प्रतिभा
सर्वत्र हिमाचल का समान विकास यह नारा लेकर दिवंगत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने दशकों तक प्रदेश का बगैर किसी भेदभाव के समान विकास किया। प्रदेश में ऐसा कोई भी काम दिखाई नहीं देता जो भाजपा ने शुरू किया हो और पूरा किया हो। यह बात सांसद प्रतिभा सिंह ने रामपुर उपमंडल के काशापाट के दमणी काशा और मुनिश पंचायत के दौरे में कही। उन्होंने भाजपा और उसकी उम्मीदवार से सवाल किया कि गत वर्ष प्रदेश बारिश से भारी तबाही हुई तब भाजपा नेत्री कहां थी। एक आंकड़े के मुताबिक करीब 12000 करोड़ का नुकसान हुआ। तब भाजपा ने केंद्र से क्यों नहीं इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करने में मदद की। इससे नुकसान से निपटने में मदद मिलती। कहने के बावजूद हिमाचल के किसी भी भाजपा सांसद ने मदद नहीं की।

उन्होंने कहा कि उनके अलावा हिमाचल से तीन और सांसद लोकसभा और तीन ही राज्यसभा में भाजपा सांसद हैं। सभी से प्रधानमंत्री से मिलने की गुजारिश करने के बावजूद, उन्होंने आना स्वीकार नहीं किया। प्रधानमंत्री से इस तबाही को लेकर वे मिलीं परंतु अफसोस उन्होंने मात्र आश्वासन का झुनझुना ही दिखाया। प्रदेश सरकार ने आपदा के इस वक्त में 4500 करोड़ खर्च कर लोगों को मदद पहुंचाई। उनके साथ विधायक नंदलाल, शिमला जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी, रामपुर कांग्रेस प्रभारी सतीश वर्मा, रामपुर बीडीसी अध्यक्ष आशीष काइथ, इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी सेवगी, कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के रामपुर ब्लॉक के अध्यक्ष चुन्नी लाल जिंटा, कांग्रेस के राज्य समन्वयक मोहन नेगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed