Himachal Congress: मंत्रियों से वन टू वन मिलीं कांग्रेस प्रभारी सीएम सुक्खू ने सौंपा सबका रिपोर्ट कार्ड
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को शिमला में एआईसीसी महासचिव और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात की।
विस्तार
प्रदेश में जल्द कांग्रेस अध्यक्ष तय करने और संगठनात्मक मुद्दों पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के साथ सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कैबिनेट मंत्रियों की वन टू वन मंत्रणा हुई। कुछ विधायक भी रजनी पाटिल से मिले। इन नेताओं ने कांग्रेस प्रभारी को राज्य में जल्द कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष घोषित करने और कार्यकारिणी के गठन की जरूरत जताई। पाटिल कांंग्रेस हाईकमान को अपनी रिपोर्ट देंगी।
शनिवार सुबह शिमला के चौड़ा मैदान स्थित एक निजी होटल में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पाटिल से मिलने गए। दोनों में करीब घंटे तक चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार सीएम सुक्खू ने सभी मंत्रियों के कामकाज की रिपोर्ट भी कांग्रेस प्रभारी को दी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने किसी का नाम नहीं सुझाया। उन्होंने कहा कि उनके लिए सब बराबर हैं। रजनी पाटिल से शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, कृषि मंत्री चंद्र कुमार समेत कई अन्य मंत्रियों ने भी अलग-अलग मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में अब कोई गुट रहा नहीं है। सारी पार्टी कांग्रेस की विचारधारा के साथ चल रही है। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से किसी भी नेता को अध्यक्ष बनाते हैं तो पूरा समर्थन रहेगा। इसके बाद पाटिल नई दिल्ली लौट गईं।
सीएम सुक्खू ने कहा कि भाजपा कहती कुछ और है और करती कुछ और है। नियम 67 के तहत प्रस्ताव भाजपा विधायक लेकर आए। हमारे विधायकों ने नियम 130 के तहत आपदा पर प्रस्ताव दिया था। चार दिन तक चर्चा के बाद जब उत्तर देने की बात आई तो वाकआउट कर गए। केंद्र सरकार से कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दिया गया है। विपक्ष के नेता अंदर नहीं आए। केंद्र से कोई विशेष राहत पैकेज नहीं मिला। घर बनाने के लिए 7 लाख रुपये तक मदद कर रहे हैं। अगर घर में कपड़े और सामान के लिए 70 हजार रुपये दे रहे हैं। कच्चा घर टूट गया तो 25 हजार रुपये से एक लाख रुपये दे रहे हैं। ऐसा पैकेज कहीं और नहीं मिल रहा है। भाजपा सियासत कर रही है।