Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Shimla News ›   CM Sukhu says the BJP, which uses money power to bring MLAs into its fold, is now talking about democracy.

सियासत: सीएम सुक्खू बोले- धनबल से विधायक अपने पाले में करने वाली भाजपा कर रही लोकतंत्र की बात

Thu, 05 Nov 2026 06:00 PM IST
Krishan Singh संवाद न्यूज एजेंसी, चंबा।
संवाद न्यूज एजेंसी, चंबा। Published by: Krishan Singh Updated Thu, 05 Nov 2026 06:00 PM IST
सार

चंबा के लिल्ह में गुरुवार को जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सांसद अनुराग ठाकुर और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर निशाना साधा। कहा कि भाजपा ने पहले वोटों की चोरी कर सत्ता हासिल की और बाद में धनबल के सहारे कांग्रेस विधायकों को अपने पाले में किया। 

विज्ञापन
CM Sukhu says the BJP, which uses money power to bring MLAs into its fold, is now talking about democracy.
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा पर लोकतंत्र और संविधान के नाम पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। चंबा के लिल्ह में गुरुवार को जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सांसद अनुराग ठाकुर और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर निशाना साधा। कहा कि भाजपा ने पहले वोटों की चोरी कर सत्ता हासिल की और बाद में धनबल के सहारे कांग्रेस विधायकों को अपने पाले में किया। जनादेश का सम्मान नहीं करने वाली भाजपा अब लोकतंत्र की बात कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और जनता के मताधिकार की बात करने का नैतिक अधिकार कांग्रेस को है।

विज्ञापन
Trending Videos

देश में मुगलों, राजाओं और अंग्रेजों के शासन के दौरान आम जनता को सरकार चुनने का अधिकार नहीं था। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान और देश की आजादी के बाद ही लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत हुई। आज जनता अपने वोट से पंचायत प्रतिनिधियों से लेकर मुख्यमंत्री तक का चुनाव करती है। उन्होंने इस व्यवस्था का श्रेय कांग्रेस की विचारधारा को दिया और भाजपा की पदयात्राओं पर भी सवाल उठाए। पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से 2022 के बीच प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता सातवें स्थान पर पहुंच गई थी, जबकि वर्तमान सरकार के प्रयासों से हिमाचल पांचवें स्थान पर आया है। उन्होंने कहा कि केवल स्कूल खोलने से शिक्षा की गुणवत्ता नहीं सुधरती, इसके लिए योग्य शिक्षकों की नियुक्ति जरूरी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

जनक राज पर तंज, हिमकेयर योजना में गड़बड़ी के लगाए आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल कर उन्हें बुढ़ापे का सहारा दिया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर राजस्व घाटा अनुदान बंद कर प्रदेश की आर्थिक मुश्किलें बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार सीमित संसाधनों के बावजूद अनाथ बच्चों को 27 वर्ष की आयु तक सहायता दे रही है। इसके तहत उन्हें प्रतिमाह चार हजार रुपये, मकान निर्माण के लिए तीन लाख रुपये और विवाह के लिए दो लाख रुपये दिए जा रहे हैं।

विज्ञापन

डॉ. जनक राज ने नौकरी छोड़कर चुनाव लड़ा: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. जनक राज ने नौकरी छोड़कर चुनाव लड़ा और जियालाल कपूर का टिकट कटवाया। पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई हिमकेयर योजना पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के तहत पुरुषों की बच्चेदानी के ऑपरेशन तक के बिल बनाए गए। उन्होंने कहा कि उस समय अस्पतालों में जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारियों को ऐसी गड़बड़ियों पर नजर रखनी चाहिए थी। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें होली-उतराला सड़क और भरमौर अस्पताल में चिकित्सकों की कमी जैसे स्थानीय मुद्दों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाना चाहिए।

भाजपा की एकजुटता महज दिखावा, अंदरूनी गुटबाजी कायम : नरेश
सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के बयान पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले चार वर्षों से पांच गुटों में बंटी हुई थी। पार्टी में न तो कोई एक नेतृत्व था और न ही कोई एक राजनीतिक लाइन। अब पिछले 15 दिनों से भाजपा एकजुटता दिखाने की कोशिश कर रही है। यह पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी को छिपाने और फेस सेविंग की कवायद है। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल को लेकर आईबी और अन्य खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद दिल्ली में भाजपा नेताओं को सख्ती का सामना करना पड़ा है। इसके बाद ही पार्टी के नेता एक मंच पर आने लगे हैं, जबकि अंदरूनी मतभेद अब भी कायम हैं।
कर्मचारियों और पेंशनरों की लंबित देनदारियों को लेकर अनुराग ठाकुर के बयान पर चौहान ने कहा कि जब कांग्रेस सरकार सत्ता में आई थी, तब प्रदेश पर करीब 11 से 12 हजार करोड़ रुपये की देनदारियां और एरियर लंबित थे। उन्होंने सवाल किया कि केंद्र में मंत्री रहते हुए अनुराग ठाकुर ने पिछली भाजपा सरकार से कर्मचारियों और पेंशनरों के भुगतान क्यों नहीं करवाए। भाजपा के पांच साल के शासनकाल में कर्मचारियों को अपनी मांगों के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ा। आज वही भाजपा उनकी चिंता जता रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 1.36 लाख कर्मचारियों को ओपीएस का लाभ दिया है और पिछली सरकार से विरासत में मिली कई देनदारियों का भुगतान किया है। शेष भुगतान भी चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार ने हाल ही में कर्मचारियों और पेंशनरों को पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) दिया है। सरकार आने वाले समय में भी संसाधन जुटाकर लंबित देनदारियों का भुगतान करने का प्रयास करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में कर्मचारियों और पेंशनरों के एरियर का भुगतान किया जा सकता था। तत्कालीन मुख्य सचिव ने भी इस दिशा में सुझाव दिया था, लेकिन उस समय कोई कदम नहीं उठाया गया। अनुराग ठाकुर के कौरव-पांडव वाले बयान पर चौहान ने कहा कि अब राजनीति इस आधार पर नहीं चलेगी कि कौन कौरव है और कौन पांडव। युवा पीढ़ी और जेन-जी जागरूक है। मतदाता सरकार के कामकाज और नीतियों के आधार पर फैसला करेंगे। आने वाले समय में चुनावी बहस शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, नशे के खिलाफ कार्रवाई और सरकारी योजनाओं के परिणामों पर केंद्रित होगी। जनता देखेगी कि किस सरकार ने प्रदेश के हित में धरातल पर काम किया है। चौहान ने अनुराग ठाकुर को भाजपा का अच्छा और क्षमतावान नेता बताते हुए कहा कि वह पहले केंद्र सरकार में मंत्री रह चुके हैं। ऐसे में इस बार उन्हें कोई मंत्रालय या महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है।

 

विनय कुमार बोले- कांग्रेस के खिलाफ अपमानजनक शब्द बोलने की चली स्पर्धा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि भाजपा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करने, झूठे आरोप लगाने और उनके खिलाफ अनाप शनाप बयानबाजी करने की प्रतिस्पर्धा चली हुई है। प्रदेश में भाजपा के सभी नेता मुख्यमंत्री की दौड़ में एक दूसरे को पछाड़ने में लगे हैं। इनका यह सपना सपना बन कर ही रह जाएगा, क्योंकि प्रदेश में कांग्रेस फिर से सत्ता में काबिज होगी। विनय कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जन खरगे और राहुल गांधी के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करने की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि उनके बयानों से साफ लगता है कि इन दिनों जयराम ठाकुर भारी मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। वह समझ सकते हैं कि भाजपा के भीतर जो खिचड़ी पक रही है, पार्टी में उनकी बात नही सुनी जा रही है, ऐसे में उनका तनाव में रहना स्वभाविक ही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed