Himachal: सीएम सुक्खू बोले- जयराम सरकार में पांच साल तक हमीरपुर जिले की अनदेखी हुई
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राजेंद्र राणा सुजानपुर की जनता का काम के लिए नहीं बल्कि क्रशर और टेंडर की स्वीकृति के लिए उनसे मुलाकात करते थे।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा जनता के काम नहीं, बल्कि सिरमौर के नैना टिक्कर स्थित पार्टनरशिप वाले क्रशर की पर्यावरण मंजूरी और अपने राजगढ़ के होटल की सड़क बनवाने के लिए मेरे पास आते थे। राणा ने सर्वहित कल्याणकारी संस्था बनाकर उद्योगपतियों से पैसा वसूल करने के साथ जनता को लूटने का कार्य किया है। वह जनसेवा नहीं, धन सेवा के लिए राजनीति कर रहे हैं। पूर्व विधायक भाजपा की राजनीतिक मंडी में बिके हैं।
सुजानपुर के पलाही में जनसभा को संबोधित करते सीएम ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री धूमल को राजनीतिक षड्यंत्र के तहत हराया गया। वह हमीरपुर से चुनाव लड़ते थे, भाजपा के एक खेमे ने उन्हें सुजानपुर से टिकट दिलवा दिया। धूमल चुनाव हार गए और पूर्व भाजपा सरकार में हमीरपुर जिला को अधिमान नहीं मिला। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के जोल पलाही, खैरी गोशाला, कक्कड़, ऊटपुर, ऊहल, पटनौण व सराकड़ में आईटीआई के पास चुनावी नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री के नाते पूर्व विधायक से कई बार सुजानपुर दौरे पर आने के लिए कहा, लेकिन वह ना-नुकर करते रहे। आपदा में भी उन्होंने मुझे नहीं बुलाया, लोगों की पीड़ा को समझते हुए मैंने खुद आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। आपदा में 8 करोड़ रुपये सुजानपुर क्षेत्र को दिए। 100 करोड़ रुपये ग्रामीण सड़कों के लिए दिया है। सुजानपुर से कांग्रेस के उम्मीदवार कैप्टन रणजीत ने न तो क्रशर लगाना है, न भू माफिया बनना है। उन्होंने केवल और केवल समस्याओं को ढूंढकर उनका हल करवाना है। कैप्टन ईमानदार हैं और गरीब घर से होने के कारण जनता के दर्द व उनकी समस्याओं को जानते हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.