राजनीति के लिए ही सदन में न आए विपक्ष : मुख्यमंत्री जयराम
विधानसभा सत्र में यदि राजनीति करने के लिए ही विपक्ष सदन में आएगा तो भाजपा विधायक दल और सरकार उसका करारा जवाब देने को तैयार है। यह बात जोगिंद्रनगर में अपने एकदिवसीय दौरे पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
सीएम ने कहा कि सत्र के दौरान पांच महत्वपूर्ण बिल पेश किए जाएंगे। विपक्ष से उम्मीद है कि वह सहयोग करेगा। सीएम ने विपक्ष को चेताया कि सोमवार से प्रदेश विधानसभा का धर्मशाला स्थित तपोवन में शीतकालीन सत्र शुरू होने जा रहा है और ऐसे में विपक्ष से रचनात्मक सहयोग की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि सदन के माध्यम से सरकार के पास सत्ता पक्ष और विपक्ष के सवाल पहुंच चुके हैं और सरकार उनके जवाब देने को तैयार हैं। इस सत्र मेें पांच महत्वपूर्ण बिल सदन में पेश किए जाएंगे और उनके बारे में उसी वक्त चर्चा करके बताया जाएगा।
विपक्ष सदन को चलाने में सहयोग करें
सरकार यह उम्मीद करती है कि विपक्ष सदन को चलाने में सहयोग करेगा। चार्जशीट पर पूछे स्वाल के जवाब में जयराम ने कहा कि उनके पास भी कांग्रेस की चार्जशीट है, लेकिन सरकार ने अभी उस पर कार्रवाई नहीं की है। इस वक्त प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ एक पीढ़ी का भी परिवर्तन हुआ है और ऐसे में
विपक्ष को नई सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। आज विपक्ष को पुरानी परंपराएं छोड़ने की जरूरत है, ताकि प्रदेश के विकास के लिए सभी का सहयोग मिले।इस मौके पर सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, विधायक प्रकाश राणा, पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर, सांसद रामस्वरूप शर्मा ने अपने विचार रखे।