फोरलेन प्रभावितों को चार गुना मुआवजा देने पर सीएम जयराम का बड़ा बयान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि फोरलेन प्रभावितों को चार गुना मुआवजा देने का मामला विचाराधीन है। केंद्र से यह मुद्दा उठाया गया है लेकिन कुछ बातें अभी शेष हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित फोरलेन का निर्माण पूरा होने के बाद एक से डेढ़ साल में पर्यटकों को सुविधा दी जाएगी।
सीएम ने कहा कि सरकार का चार माह का कार्यकाल बीत चुका है। बहुत कुछ करना है, जिसके लिए वक्त ज्यादा चाहिए। बंजार हलके की हाट पंचायत में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि पूर्व सरकार में विल पावर नहीं थी।
घटनाओं से हम भी परेशान हैं लेकिन मजबूती से काम कर रहे हैं। पहले सरकार 100 दिन का जश्न मनाती थी, जिसे हनीमून पीरियड कहा जाता है। लेकिन हमने 100 दिन का लक्ष्य तय किया। गुड़िया को न्याय न दिला पाने वाली कांग्रेस आज 100 दिनों का हिसाब मांग रही है। बजट में लाई गई नई योजनाओं को भी एक माह में धरातल पर उतारा जाएगा।
सात मई को एयरपोर्ट के लिए सर्वे करेगी केंद्रीय टीम
जनसभा के बाद पत्रकारों से बातचीत में सीएम ने कहा कि आने वाले समय में और भी लक्ष्य तय करेंगे। गुड़िया कांड पर कहा कि सीबीआई की बात मानी जाए तो असली मुजरिम को पकड़ लिया गया है। सीबीआई जिम्मेवार जांच एजेंसी है।
इस पर विश्वास करना चाहिए। कहा कि साडा में शामिल क्षेत्र के बाहर निकलने के प्रस्ताव की कंपाइल रिपोर्ट मांगी गई है। साडा में नहीं जाने वाले क्षेत्रों पर विचार किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि आगामी सात मई को केंद्रीय टीम बड़ा एयरपोर्ट बनाने के लिए सर्वे करेगी।
जहां भी उचित जमीन मिलेगी, वहां बड़ा एयरपोर्ट बनाया जाएगा। कहा कि यह टीम भुंतर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को लेकर भी जायजा लेगी। इस मौके पर मंत्री अनिल शर्मा, गोविंद सिंह ठाकुर, विपिन परमार, सांसद रामस्वरूप शर्मा, विधायक सुरेंद्र शौरी, किशोरी लाल, जवाहर ठाकुर आदि भी मौजूद रहे।