{"_id":"606f011a8ebc3ed515351879","slug":"cm-jairam-thakur-press-conference-in-himachal-pradesh-secretariat","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीएम जयराम बोले- पालमपुर में दुष्प्रचार से जीती कांग्रेस, सोलन में भाजपा को पड़े कांग्रेस से ज्यादा वोट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सीएम जयराम बोले- पालमपुर में दुष्प्रचार से जीती कांग्रेस, सोलन में भाजपा को पड़े कांग्रेस से ज्यादा वोट
Thu, 08 Apr 2021 06:42 PM IST
अरविन्द ठाकुर
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
Published by: अरविन्द ठाकुर
Updated Thu, 08 Apr 2021 06:42 PM IST
सार
- मंडी में बड़ी जीत, धर्मशाला में भी कांग्रेस को हराकर भाजपा करेगी नगर निगम का गठन
- मुख्यमंत्री ने कहा- कांग्रेस का उत्साह सही नहीं, भाजपा की वोट प्रतिशतता अच्छी
विज्ञापन
सचिवालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि पालमपुर में कांग्रेस दुष्प्रचार से चुनाव जीती है जबकि सोलन में भाजपा को कांग्रेस से ज्यादा वोट पडे़ हैं। नगर निगम मंडी में भाजपा ने अपना परचम लहराया है। धर्मशाला में भी कांग्रेस को हराकर भाजपा नगर निगम का गठन करने जा रही है। यहां निर्दलीय का साथ मिल रहा है। ऐसे में नगर निगम के चुनावी नतीजों से कांग्रेस जिस तरह से उत्साहित है, वह सही नहीं है। आने वाले विधानसभा और लोकसभा उपचुनाव में भाजपा जीत हासिल करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह जनभावनाओं का आदर करते हैं।
विज्ञापन
चुनावी नतीजों के बाद उन्होंने विचार-विमर्श करने की भी बात की। सीएम वीरवार को राज्य सचिवालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। सीएम ने कहा कि नगर निगम पालमपुर में भाजपा का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है, परंतु पार्टी को 22920 मतों में से 8,102 वोट मिले हैं। कांग्रेस को 11 सीटें जीतने के बावजूद 10,115 मत मिले हैं। वहां पर कांग्रेस ने जमकर दुष्प्रचार किया।
विज्ञापन
वहां नगर परिषद इतनी छोटी है कि नगर निगम का एक वार्ड ही बन गया। जो गांव शामिल हुए, वहां कांग्रेस ने यह दुष्प्रचार किया कि गाय पर भी टैक्स लगेगा। मंडी नगर निगम चुनाव में भाजपा ने लगभग 47 प्रतिशत मत हासिल किए हैं। वहां 11 सीटों पर जीत मिली है। कांग्रेस केवल चार सीटें ही जीत पाई। नगर निगम धर्मशाला में भाजपा कांग्रेस शासित नगर निगम से सत्ता छीनने में कामयाब हुई है। वहां आठ प्रत्याशी जीते हैं। इनमें से चार निर्दलीय उम्मीदवारों में से तीन भाजपा से संबंधित हैं।
विज्ञापन
सोलन में भाजपा का वोट प्रतिशत 44.16 रहा है। इस नगर निगम में कुल 17 में से भाजपा को सात सीटें मिली हैं। पार्टी प्रत्याशियों को 22,790 मतों में से 10,064 मत प्राप्त हुए हैं। कांग्रेस को 9,925 वोट मिले हैं। निरमंड नगर पंचायत में भाजपा की 6-1 से विजय हुई है। अंब नगर पंचायत भाजपा 5-2 से विजयी हुई है। नेरवा, आनी और कंडाघाट नगर पंचायतों में भी भाजपा को 5-2 से जीत मिली है।
कांग्रेस ने पार्टी सिंबल पर चुनाव करवाने की चुनौती दी, हमने स्वीकार की
सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने पार्टी सिंबल पर चुनाव करवाने की चुनौती दी तो हमने इसे स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इसके लिए हिम्मत की, जबकि इस विचार को छोड़ भी सकती थी। कांग्रेस के लोगों ने तो नगर निगम के गठन का विरोध किया। सीएम ने कहा कि अगर कहीं भविष्य में कांग्रेस गलती से सत्ता में आती है तो क्या इन नगर निगमों को खत्म कर अब नगर परिषदें और नगर पंचायतें बना देगी। विकास को लक्षित कर ही नगर निगमों का गठन किया गया है।
अनिल शर्मा के कांग्रेस में जाने के सवाल पर बोले- देरी क्यों कर रहे
मंडी सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा के कांग्रेस में जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने तंज किया कि इसमें वह देरी क्यों कर रहे हैं। अनिल शर्मा पर कार्रवाई करने के मामले में सीएम जयराम ठाकुर बोले कि उन्हें मंत्री पद से पहले ही हटा दिया गया है। उन पर अगली कार्रवाई हाईकमान करेगा।