{"_id":"2431e67d7833ecd1ebccd026fe770ccf","slug":"ck-naydu-trophy-first-time-himachal-enters-in-final-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिमाचल ने रचा इतिहास, शानदार प्रदर्शन ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिमाचल ने रचा इतिहास, शानदार प्रदर्शन
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहडू/धर्मशाला
Updated Tue, 24 Feb 2015 11:08 PM IST
विज्ञापन
सीके नायडू क्रिकेट ट्रॉफी में हिमाचल ने इतिहास रच दिया है। टीम पहली बार फाइनल में पहुंच गई है। खिताबी जंग यूपी के साथ होगी। यह मुकाबला हमीरपुर के अमतर स्टेडियम में खेला जाना है। कप्तान निखिल गांगटा के 98 रन की बदौलत टीम ने शानदार जीत दर्ज की।
विज्ञापन
सेमीफाइनल में खिताब के प्रबल दावेदार कर्नाटक को हिमाचल ने हराया। कर्नाटक के मैसूर में खेले गए मुकाबले में कर्नाटक की पहली पारी महज 286 पर सिमट गई। जवाब में हिमाचल ने पहली पारी में 492 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर बढ़त हासिल की। कप्तान गांगटा शतक से चूक गए।
विज्ञापन
इन्होंने 98 रन की पारी खेलकर जीत की नींव रखी। दूसरी पारी में हिमाचल की घातक गेंदबाजी के आगे कर्नाटक की पूरी टीम 145 रन पर ढेर हो गई। हिमाचल को दूसरी पारी में जीत के लिए महज 29 रन चाहिए। इस लक्ष्य को हिमाचल ने आसानी हासिल कर इतिहास रच डाला।
विज्ञापन
हिमाचल की टीम 28 फरवरी को यूपी के खिलाफ खेलेगी। फाइनल मैच हमीरपुर के अमतर स्टेडियम में खेला जाना है। सेमीफाइनल में मिली शानदार जीत के बाद हिमाचल के कप्तान निखिल गांगटा बेहद उत्साहित हैं। गांगटा लंबे समय से हिमाचल की रणजी टीम के सदस्य हैं। इससे पहले अंडर 19 क्रिकेट टीम के कप्तान भी रह चुके हैं। गांगटा को उम्मीद है कि फाइनल में भी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी रहेगा।
ऐसे तय किया फाइनल का सफर
हिमाचल की टीम ने फाइनल में पहुंचने के लिए लीग मैच में गुजरात, पंजाब, उड़ीसा जैसी मजबूत टीम को हराया। टीम ने क्वार्टर फाइनल में आंध्र प्रदेश को पराजित किया। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन प्रेस सचिव मोहित सूद ने बताया कि एचपीसीए अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने हिमाचल की क्रिकेट टीम को बधाई दी है।