Chamba: बारिश में बहा रसोईघर, एक व्यक्ति की मौत, दोस्त घायल
चंबा में मूसलाधार बारिश के बाद हुए भूस्खलन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मलबे में दबने से माैत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विधानसभा क्षेत्र चंबा के तहत जड़ेरा पंचायत के कलियु गांव में भारी बारिश से हुए भूस्खलन से रसोईघर बह गया। हादसे में रसोई घर में सोए एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि उसका दोस्त घायल हो गया है। मृतक की पहचान (42) तिलक राज पुत्र चंदू गांव कलियु डाकघर जड़ेरा तहसील व जिला चंबा के रूप में हुई है। घायल की पहचान राजिंदर पुत्र प्यार सिंह गांव खाडकल ग्राम पंचायत चंबी के रूप में हुई है। हादसा बुधवार मध्यरात्रि करीब डेढ़ बजे हुआ।भूस्खलन के बाद मृतक के बेटों खेम, पंकू और पोते मोहित ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया।
आवाजें सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में प्रशासन और पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों के साथ मिलकर लापता लोगों को तलाश शुरू की। घटनास्थल से करीब आठ फीट आगे तिलक राज मलबे में दबा बेसुध हालत में मिला। जबकि, उनका दोस्त राजिंद्र साथ ही जमीन पर बेसुध पड़ा था। ग्रामीणों ने दोनों को उठाकर मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने तिलक को मृत घोषित कर दिया जबकि, राजिंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद दाखिल कर लिया गया है।
ग्राम पंचायत जड़ेरा के उपप्रधान बलदेव ठाकुर ने बताया कि तिलकराज अपने दोस्त के साथ मेहनत-मजदूरी कर घर पहुंचा। रात का खाना खाने के बाद दोनों रसोईघर में ही सो गए। मध्यरात्रि को हुई भारी बारिश के कारण रसोई घर भूस्खलन होने से पानी के तेज बहाव में कुछ दूरी तक बह गया। पोस्टमार्टम के बाद तिलकराज का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उनका पैतृक श्मशानघाट पर अंतिम संस्कार किया गया। उपप्रधान ने बताया कि मृतक निर्धन परिवार से संबंध रखता है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता करने की मांग उठाई है। उधर, उपमंडलाधिकारी नागरिक प्रियांशु खाती ने बताया कि प्रशासन की ओर से तहसीलदार दीक्षित राणा ने 30 हजार रुपये की फौरी राहत मृतक के परिजनों को सौंप दी है।