रोहतांग और हिमानी चामुंडा रोपवे के निर्माण को केंद्र से मिली मंजूरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्र सरकार ने हिमाचल की दो रोपवे परियोजनाओं पलचान से रोहतांग और हिमानी चामुंडा के निर्माण के लिए मंजूरी दे दी है। दोनों प्रोजेक्टों के लिए एफसीए के तहत क्लीयरेंस दी गई है। अब इन प्रोजेक्टों के निर्माण की जिम्मेदारी पा चुकीं कंपनियां जल्द निर्माण कार्य शुरू कर देंगी। दरअसल, पर्यटन विभाग ने दोनों बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्टों के निर्माण को कंपनियों से तीन बार आवेदन मांगे थे।
इसके बाद पीपीपी मोड पर बनाए जाने वाले इस प्रोजेक्ट के लिए दो कंपनियों का चयन करने के बाद मामला एफसीए क्लीयरेंस के लिए केंद्र सरकार को भेजा गया। अब केंद्र से प्रोजेक्ट के लिए एफसीए की मंजूरी मिल गई है। अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन राम सुभग सिंह ने बताया कि दोनों रोपवे का निर्माण करने वाली कंपनियां 40 साल तक इनका संचालन करेंगी।
इसकी एवज में कंपनियां सरकार को लीज मनी जारी करेंगी। इसके बाद तय अवधि पूरी होते ही रोप वे सरकार के अधीन आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि दोनों प्रोजेक्टों पर काम पूरा होते ही इन क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, क्योंकि रोपवे की बदौलत घंटों का सफर तय करने वालों को अब अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए चंद मिनट लगेंगे।
पलचान-रोहतांग रोपवे नौ किलोमीटर लंबा होगा और इस पर करीब 450 करोड़ रुपये का खर्च आना है। इसके अलावा चामुंडा से हिमानी चामुंडा रोपवे छह किमी लंबा होगा। इस प्रोजेक्ट पर करीब 280 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। रोपवे बनने के बाद हिमानी चामुंडा पहुंचने में 18 मिनट लगेंगे।