हिमाचल में इतने रुपये तक सस्ता होगा सीमेंट, बैठक में बनी सहमति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। सीमेंट के दाम प्रति बैग पांच से लेकर 25 रुपये तक कम होंगे। प्रदेश सरकार और सीमेंट कंपनियों के साथ हुई बैठक में दाम करने पर सहमति बन गई है। कंपनियों ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र के हिसाब से सीमेंट के दाम कम किए जाएंगे। सीमेंट प्लांटों के आसपास और दूसरे राज्यों से लगते इलाकों में दामों पर सबसे ज्यादा असर होगा।
प्रदेश में पांच बड़ी कंपनियों के प्लांट होने के बावजूद लोग पड़ोसी राज्यों से सीमेंट खरीद रहे हैं। प्रदेश में वर्तमान में औसतन करीब पौने चार सौ रुपये में सीमेंट का एक बैग बिक रहा है, जबकि उसी कंपनी का सीमेंट पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में पचास रुपये तक सस्ता बिकता है। इसकी वजह से सीमांत क्षेत्रों के लोग बाहरी राज्यों से चोरी-छिपे सीमेंट खरीद रहे हैं।
इससे प्रदेश सरकार को नुकसान हो रहा है। इसके चलते सरकार ने सीमेंट के दाम कम करने की कवायद शुरू की थी। हाल में प्रधान सचिव उद्योग आरडी धीमान ने सीमेंट प्लांट प्रबंधन के साथ बैठक कर विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इसके बाद कंपनियों ने आश्वासन दिया कि वे सीमेंट के दामों में कमी करेंगी। दाम कम होने से हिमाचल के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
ट्रक यूनियनें भी महंगे सीमेंट के लिए जिम्मेदार
हिमाचल में सीमेंट महंगा होने का सबसे बड़ा कारण यह है कि यहां की ट्रक आपरेटर यूनियनों का एकाधिकार है। ट्रक यूनियनों की मनमानी के चलते माल भाड़ा महंगा है।
इसके अलावा सीमेंट में मिलाने वाली राख और उससे तैयार सीमेंट दोनों पर ही सर्टेन गुड्स कैरेज बाई रोड (सीजीसीआर) टैक्स लगता है। इससे सीमेंट की कीमत बढ़ जाती है।
इन कंपनियों के हैं प्लांट- हिमाचल में एसीसी, अंबुजा, अल्ट्राटेक, एशियन कंक्रीट सीमेंट लिमिटेड और सीमेंट कारपोरेशन ऑफ इंडिया के सीमेंट प्लांट हैं।