सरकार के दावे फेल, हिमाचल में फिर महंगा हुआ सीमेंट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल की धरती पर सीमेंट बनाने वाली कंपनियों ने देवभूमि के लोगों के लिए सीमेंट के रेट 5 रुपये बढ़ा दिए हैं। दुकानदारों की मानें तो पिछले दो माह में कंपनियों ने सीमेंट के रेट 15 रुपये तक बढ़ाए हैं।
दूसरे राज्यों में हिमाचल में सीमेंट बनाने वाली कंपनियां सस्ता सीमेंट बेच रही हैं। कंपनियां उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री के सूबे में सीमेंट के रेट कम करने के दावे को भी चुनौती दे रही हैं। कुछ महीने पहले उद्योग मंत्री ने कंपनियों पर रेट कम करने का दबाव बनाया था।
कहा था कि सीमेंट का दाम 10 रुपये कम हो गया है। कंपनियां भी राजी हैं, लेकिन कंपनियों ने उस समय केवल पांच रुपये ही कम किए थे। कांगड़ा, धर्मशाला, पालमपुर, नूरपुर ,ज्वाली, जसूर और कांगड़ा में कुछ दिन पहले 345 रुपये सीमेंट का बैग बिक रहा था।
चार अक्तूबर को कंपनियों ने सीमेंट के दाम में 5 रुपये की बढ़ोतरी कर दी। अब सीमेंट बैग 345 से बढ़कर 350 रुपये हो गया है। शाहपुर में सीमेंट बेचने वाले दुकानदार सुमेर सिंह ने कहा कि सीमेंट के दाम 345 से बढ़कर 350 रुपये हो गए हैं।
दो महीने में 15 रुपये तक बढ़े सीमेंट के दाम
साई हार्डवेयर स्टोर रैत के अंबुजा सीमेंट विक्रेता रविंद्र कुमार ने कहा कि सीमेंट के दाम में 5 रुपये बढ़ोतरी हुई है। गगल स्थित हार्डवेयर स्टोर के मालिक उत्तम चौधरी ने बताया कि एसीसी ने सीमेंट बैग के 5 रुपये रेट बढ़ा दिए हैं।
पिछले दो महीने में 15 रुपये सीमेंट के दाम बढ़े हैं। पिछले साल सीमेंट की बोरी 300 रुपये में बिक रही थी। एक साल में सीमेंट के दाम 350 रुपये पहुंच गए हैं। जसूर, इंदौरा और नूरपुर में सीमेंट के रेट पांच से सात रुपये कम हैं।
हर रोज दाम क्यों बढ़ रहे : कपूर
पूर्व उद्योग मंत्री किशन कपूर ने कहा कि भाजपा सरकार ने विधानसभा में ऑन रिकॉर्ड सीमेंट के दाम 25 रुपये कम किए थे। उस दौरान वर्तमान उद्योग मंत्री कहते थे कि सीमेंट के दाम 25 नहीं 50 रुपये घटाओ। अब कांग्रेस के इन मित्रों को क्या हो गया। अब तो रोज सीमेंट के दाम बढ़ रहे हैं। दाम बढ़ने के पीछे क्या गड़बड़झाला है।
वहीं, जेपी सीमेंट उद्योग के प्रबंधक एमआर जिंटा ने बताया कि शनिवार से पांच रुपये सीमेंट बैग महंगा हो रहा है। अब सीमेंट बैग की कीमत 348 की बजाय 353 रुपये होगी। छह माह में यह पहली बढ़ोतरी है। वहीं, अंबुजा सीमेंट के एक बड़े अधिकारी ने कहा कि अंबुजा सीमेंट का बैग 350 से 355 कर दिया गया है।