गहरी खाई में गिरी बोलेरो, दो की मौके पर मौत, दो घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गनोग-ददाहू वाया माईना सड़क पर एक बोलेरो के गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, दो लोग घायल हो गए हैं। घायलों में एक की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।
गंभीर रूप से घायल को 108 एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल ददाहू पहुंचाया गया, जहां से उसे डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया।
उधर, संगड़ाह पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार गनोग-ददाहू सड़क पर बुधवार सुबह करीब साढे़ 8 बजे एक बोलेरो एचपी 79-1225 टिपरी के समीप अनियंत्रित होकर 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
इस हादसे में 57 वर्षीय देवना निवासी बलबीर सिंह, 55 वर्षीय दाना गांव निवासी सुंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, घाटों निवासी 24 वर्षीय रामस्वरूप गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे 108 की सहायता से सिविल अस्पताल ददाहू पहुंचाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं, चालक राजेंद्र सिंह (28) को हादसे में मामूली चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि मौसम खराब होने की वजह से पहाड़ी से गिरकर सड़क पर आ रहे एक पत्थर से बचते समय चालक ने गाड़ी से संतुलन खो दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर राहत व बचाव कार्य किया।
एंबुलेंस व पुलिस को फोन पर हादसे की सूचना दी। उधर, प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को 20-20 हजार रुपये व घायल को 2500 रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई। संगड़ाह थाने के एसएचओ विलोचन नेगी ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए संगड़ाह अस्पताल लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। मामले की पुष्टि एएसपी सिरमौर वीरेंद्र ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस सड़क हादसे की जांच में जुटी है।