हिमाचल के शोंगटोंग प्रोजेक्ट में विस्फोट, दो की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किन्नौर जिले में निर्माणाधीन पावर प्रोजेक्टों में दस दिन के भीतर ही दूसरा बड़ा हादसा हुआ है। शोरंग प्रोजेक्ट में हादसे के एक सप्ताह बाद रल्ली में निर्माणाधीन कड़छम शोंगटोंग विद्युत परियोजना में विस्फोट हो गया। रविवार सुबह हुए इस हादसे में 2 लोगों की मौत, जबकि पांच घायल हो गए। हिमाचल प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के इस 450 मेगावाट के इस प्रोजेक्ट की टनल की खुदाई के दौरान जिलेटिन फटने से ये हादसा हुआ।
हादसे का शिकार हुआ एक मजदूर केरल और दूसरा शिमला के रामपुर का है। पांचों घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में भर्ती करवाया है। पुलिस ने प्रोजेक्ट निर्माण में लगी कंपनी के प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब छह बजे रल्ली टनल स्थल पर मजदूर कार्य कर रहे थे।
टनल में ब्लास्टिंग का कार्य चल रहा था। टनल के अंदर रखा जिलेटिन अचानक फट गया और इसकी चपेट में सात लोग आ गए। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए। एसपी किन्नौर राहुल नाथ ने बताया कि टनल में जिलेटिन फटने से 2 लोगों की मौत हो गई है, जबकि पांच अन्य घायल हैं।
सुरक्षा पर उठे सवाल
किन्नौर में ही 19 नवंबर को शोरंग प्रोजेक्ट का पेन स्टॉक फटने से तीन लोग मलबे में दब गए थे, जिनका आज तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। निर्माणाधीन परियोजनाओं में लगातार हो रहे हादसों से कामगारों और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
हादसे में मरने वाले और घायल मजदूर- हादसे में शशि कुमार (62) पनकूलारोज, केरल और राम कुमार (48) नजदीक आर्मी कैंप तहसील रामपुर शिमला की मौत हो गई है। कुलदीप वरला झारखंड, बुलूनायक (32) उड़ीसा, जयमसीपाहन, (34) झारखंड, अनिल (32) देहरादून, उत्तराखंड और अजीत वरला (40) झारखंड गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसे की जांच को कमेटी गठित कर दी गई है। तीन दिन में जांच रिपोर्ट मांगी गई है। सुंदरनगर ऑफिस से अतिरिक्त महाप्रबंधक अजय कुमार और सेफ्टी मैनेजर राजकुमार को किन्नौर भेजा गया है। हादसे में दो कामगारों की जान जाना दुखद है। दोनों ही कर्मी अनुभवी थे।
- डीके शर्मा, प्रबंध निदेशक, हिमाचल प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड