HP BJP: ऑपरेशन सिंदूर की विजयगाथा को मंडल स्तर तक बताएगी भाजपा, शिमला से तिरंगा यात्रा शुरू
प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल और नेता विपक्ष जयराम ठाकुर इस दौरान मौजूद रहे। सीटीओ शिमला में मुख्य कार्यक्रम हुआ। तिरंगा यात्रा सीटीओ चाैक से शेर-ए-पंजाब होते हुए रिज मैदान तक निकाली गई।
विस्तार
ऑपरेशन सिंदूर की विजयगाथा को हिमाचल भाजपा मंडल स्तर तक बताएगी। इसके लिए बुधवार को सिटीजन फॉर नेशनल सिक्योरिटी की ओर से सीटीओ से शेर-रे-पंजाब और रिज तक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस यात्रा में व्यापार मंडल, रोटरी क्लब, सिंह सभा और बड़ी संख्या में सामाजिक संस्थाओं ने भाग लिया। यात्रा में कार्यक्रम संयोजक बिहारी लाल शर्मा भी उपस्थित रहे। तिरंगा यात्रा के दौरान सेना के मनोबल को बढ़ाने के लिए नारे लगाए गए। यह यात्रा देशवासियों के भीतर देशभक्ति और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अटूट संकल्प का प्रतीक बनी। इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि आज का भारत बदल चुका है।
यह नया भारत शांति चाहता है, पर आतंक के समूल विनाश के लिए किसी भी सीमा तक जाने को तत्पर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने स्पष्ट कर दिया है कि अब भारत किसी प्रकार के न्यूक्लियर धमकी को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि टेरर और टॉक साथ नहीं चल सकते। टेरर और ट्रेड का पाखंड अब नहीं चलेगा। जब-जब खून बहेगा, पानी का रास्ता बंद होगा। ऑपरेशन सिंदूर स्थगित है, पर समाप्त नहीं। पाकिस्तान से बात होगी तो अब सिर्फ पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर पर ही होगी या आतंक के समूल नाश पर। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि यह न्याय और राष्ट्र सम्मान की अखंड प्रतिज्ञा है। जिसे भारत ने पूरे विश्व के सामने साकार किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर जैश, लश्कर और हिजबुल जैसे वैश्विक आतंक के अड्डों को ध्वस्त किया है। तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं, यह राष्ट्र की आत्मा है और उस आत्मा का नेतृत्व प्रधानमंत्री मोदी कर रहे हैं।
पाकिस्तान की तैयारी सीमा पर वार की थी, लेकिन भारत ने पाकिस्तान के सीने पर वार कर दिया : बिंदल
डॉ. बिंदल ने इस अवसर पर कहा दुनिया ने देखा कि कैसे पाकिस्तान के ड्रोन, पाकिस्तान की मिसाइलें भारत के सामने तिनके की तरह बिखर गईं। भारत के सशक्त एयर डिफेंस सिस्टम ने उन्हें आसमान में ही नष्ट कर दिया। पाकिस्तान की तैयारी सीमा पर वार की थी, लेकिन भारत ने पाकिस्तान के सीने पर वार कर दिया। बिंदल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुनिया ने पाकिस्तान का वह घिनौना सच देखा है, जब मारे गए आतंकियों को विदाई देने पाकिस्तानी सेना के बड़े-बड़े अफसर उमड़ पड़े। राज्य प्रायोजित आतंकवाद का यह बहुत बड़ा सबूत है। केंद्र की मोदी सरकार भारत और अपने नागरिकों को किसी भी खतरे से बचाने के लिए लगातार निर्णायक कदम उठाती रहेगी ।
#WATCH शिमला (हिमाचल प्रदेश): भाजपा नेताओं ने शिमला में तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में हिमाचल प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता और भाजपा नेता जयराम ठाकुर, हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल पार्टी के अन्य नेताओं के साथ शामिल हुए। pic.twitter.com/brudwhBRZb
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 14, 2025
33 मंडलों की तिरंगा यात्रा का शेड्यूल
भाजपा के प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि 18 मई को अर्की, पांवटा साहिब, ऊना, डलहौजी और मनाली। 19 मई को सोलन, कुल्लू, कुटलेहड़, जसवां परागपुर, पच्छाद और चंबा। 20 मई को दून, नाहन, देहरा, बिलासपुर और बंजार। 21 मई को नालागढ़, हरोली, घुमारवीं, ज्वालामुखी, चुराह और किन्नौर। 22 मई को कसौली, चिंतपूर्णी, नैनादेवी, आनी, भटियात और 23 मई को शिलाई, रेणुका जी, गगरेट, झंडूता, भरमौर और लाहौल-स्पीति मंडलों में तिरंगा यात्रा होगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.