धर्मशाला: विधानसभा के बाहर भाजपा का प्रदर्शन: धारा 118 और बेनामी सौदों को लेकर सुक्खू सरकार पर साधा निशाना
हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर में सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा ने विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। धारा 118 में छूट, बेनामी सौदों और पीटरहॉफ की बुकिंग को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान विपक्षी भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा विधायक दल ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन कर धारा 118, कथित बेनामी सौदों और सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में देने के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार हिमाचल के हितों से जुड़े फैसले बाहरी निवेशकों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से ले रही है। प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार पर तीखे हमले किए।
#WATCH | Dharamshala, Himachal Pradesh: BJP stages protest against Sukhvinder Singh Sukhu-led government during the winter session of the Himachal Legislative Assembly. The BJP alleged that the government was attempting to sell public properties and asserted that it would not allow such moves. State Assembly LoP Jairam Thakur says, "Given the current intentions of the Congress-led government, they seem determined to sell off whatever they possibly can...there is talk of selling 18 properties belonging to the Tourism Department...this reflects the current mindset of the Congress. Most certainly, we will discuss it."
— ANI (@ANI) November 17, 2026
धारा 118 में छूट और बेनामी सौदों को लेकर विरोध
भाजपा ने हिमाचल प्रदेश टेनेंसी एंड लैंड रिफॉर्म्स एक्ट की धारा 118 से जुड़े प्रावधानों में कथित छूट और संशोधन के प्रयासों पर सवाल उठाए। विपक्ष का आरोप है कि ऐसे फैसलों से प्रदेश में जमीन से जुड़े नियमों और स्थानीय लोगों के हितों पर असर पड़ सकता है। इसके साथ ही भाजपा ने कथित बेनामी जमीन सौदों और रियल एस्टेट से जुड़े मामलों को भी प्रदर्शन का मुद्दा बनाया। पार्टी का कहना है कि इन मामलों में पारदर्शिता जरूरी है और सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
पीटरहॉफ की बुकिंग बंद होने पर भी उठाए सवाल
भाजपा ने शिमला स्थित ऐतिहासिक होटल पीटरहॉफ को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि पीटरहॉफ की बुकिंग बंद की जा रही है और इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत बाहरी निवेशकों को सौंपने की तैयारी है। उन्होंने दावा किया कि 26 नवंबर के बाद की बुकिंग रोकने और पहले से की गई बुकिंग रद्द करने का मामला सामने आया है। भाजपा ने सरकार से इस संबंध में दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान जयराम ठाकुर ने सरकार पर प्रदेश की संपत्तियों और संसाधनों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हिमाचल को बेचने से जुड़े फैसले लिए जा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह सरकार फैसले ले रही है, उससे लगता है कि आने वाले समय में विधानसभा को भी बेच सकते हैं। भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश की ऐतिहासिक और सरकारी संपत्तियों को लेकर सरकार को जनता के सामने पूरी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री सुक्खू पहले ही आरोपों को नकार चुके हैं
पीटरहॉफ को लेकर भाजपा के आरोपों पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पहले ही सफाई दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि सरकार किसी भी सरकारी संपत्ति को नहीं बेच रही है और पीटरहॉफ को बेचने का कोई इरादा नहीं है। मुख्यमंत्री के अनुसार, पीटरहॉफ की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कम से कम 100 कमरों वाली बड़ी इमारत विकसित करने की योजना है। भाजपा ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र में इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और सरकार से जवाब मांगने की बात कही है। अब इन आरोपों और सरकार के जवाब पर सदन में होने वाली चर्चा पर सबकी नजरें रहेंगी।
