वीरभद्र सरकार ने युवाओं का भविष्य अंधकार की ओर धकेल दिया: सतपाल सत्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि वीरभद्र सरकार ने प्रदेश के युवाओं का भविष्य अंधकार की ओर धकेल दिया है। साल 2012 के विधानसभा चुनावों में वीरभद्र सिंह ने युवाओं को बेरोजगारी भत्ते के नाम पर गुमराह किया।
सत्ता में आने के बाद कहने लगे कि भत्ता तो बीपीएल परिवारों के युवाओं को मिलेगा। सत्ती का आरोप है कि युवाओं को लुभाने के लिए कौशल विकास निगम की स्थापना की गई, लेकिन उसमें ऋण के नाम पर बड़ा घोटाला हुआ।
कहा कि जानबूझ कर बाहरी राज्यों की कंपनियों को युवाओं को ट्रेनिंग देने के लिए अधिकृत किया गया। सेमीनारों पर लाखों रुपये की बर्बादी की गई। वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य इस निगम के निदेशक रहे हैं। सेमीनार भी उनके इशारों पर मनपसंद जगहों पर किए गए।
कौशल विकास परियोजना के तहत खोले गए केंद्रों में एक साल में केवल 10,000 लोगों को पंजीकृत किया गया, जबकि पिछले चुनावों में वीरभद्र सिंह ने 5 लाख बेरोजगारों को रोजगार के वादे पर छला है। भाजपा की सरकार बनने पर वीरभद्र सिंह की कौशल विकास योजना में हुए घोटालों की जांच की जाएगी।
प्रवीण ने सरकारी नियुक्तियों पर उठाए सवाल
भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक प्रवीण शर्मा ने कहा कि वीरभद्र सरकार ने अनियमित नियुक्तियां की और परिवारवाद तथा भाई-भतीजावाद को बढ़ाने का काम किया। प्रवीण ने कृषि एवं विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक एचएस बावेजा और दिल्ली स्थित मीडिया समन्वयक गुरु प्रसाद की नियुक्ति पर सवाल उठाए हैं।
शर्मा का आरोप है कि बावेजा की नियुक्ति में नियमों की अनदेखी की गई। बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स के विरोध पर निदेशक बागवानी के पद से बावेजा को हटाया गया था।
कहा कि इसी तरह मीडिया समन्वयक गुरु प्रसाद की नियुक्ति और कार्यप्रणाली दोनों कटघरे में हैं। वीरभद्र सरकार ने जिन कर्मचारियों को सेवा विस्तार मंत्रियों के कार्यालयों या विभागों में दिया है, उन पर चुनाव आयोग को संज्ञान लेना चाहिए।
केंद्र ने प्रदेश को दी कई सौगातें : मेघवाल
चुनाव प्रचार पर आए भारत सरकार के जल संसाधन मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शनिवार को हमीरपुर के लंबलू में पार्टी कार्यालय का रिबन काटकर शुभारंभ किया। लंबलू में जनसभा को संबोधित करते हुए मेघवाल ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार प्रदेश के विकास को वचनबद्ध है।
केंद्र सरकार ने प्रदेश में राष्ट्रीय उच्च मार्ग, फोरलेन, मेडिकल कॉलेज, एम्स, ट्रिपल आईटी, आईआईटी, आईआईएम, हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए दिल खोलकर धन को मुहैया करवाया है। परंतु प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस इन सभी योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने पर नाकाम रही है।