Shimla Landslide: शिमला में भूस्खलन की चपेट में आने दो मजदूरों की दबकर मौत, पांच ने भागकर बचाई जान
प्रदेश की राजधानी शिमला के अश्वनी खड्ड में भूस्खलन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई है। जबकि पांच ने भागकर अपनी जान बचाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से सटी अश्वनी खड्ड में भूस्खलन की चपेट में आने से दो मजदूरों की दबकर मौत हो गई है। इनकी पहचान राकेश (34) पुत्र विलास राम और राजेश (36) पुत्र जोगेंद्र राम के रूप में हुई है। दोनों वार्ड नंबर-1, गोराई गोरड, डाकघर बलाह, जिला समस्तीपुर बिहार के रहने वाले थे। हादसे में पांच अन्य मजदूर बाल-बाल बच गए। इसमें राहुल कुमार (18 ), मेघ साहनी (42), बैजनाथ राम (35), अशोक राम ( 45) निवासी बिहार और टोनी कुमार (20 ) निवासी चंबा शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा छोटा शिमला थाना तहत मैहली-जुन्गा मार्ग पर अश्वनी खड्ड के पास पेश आया। पुलिस के मुताबिक कृष्णा स्टोन क्रशर के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में भूस्खलन हुआ और दो मंजिला शेड में रह रही मजदूर इसकी जद में आ गए। इस भूस्खलन से क्रशर की साइट पर हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक भूस्खलन की चपेट में आए दोनों मजदूर क्रशर में मजदूरी करते थे। रात करीब 1:00 बजे घटना के दौरान सभी मजदूर अलग-अलग कमरों में सोए थे। इस दौरान मलबे और पत्थरों की चपेट में आकर दो मजदूर दब गए, जबकि भूस्खलन की आवाज सुनकर पांच मजदूरों ने भागकर जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अमित, एसएचओ ममता रघुवंशी और एएसआई कपिल ने घटनास्थल पर पहुंचकर अग्निशमन, एसडीआरएफ और होमगार्ड के जवान के साथ बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में राकेश और राजेश को मलबे से बरामद किए गए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी ले गए। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवदीप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिचितों को सौंप दिए है।
उपायुक्त ने प्रभावित मजदूरों से की मुलाकात, फौरी राहत दी
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल पर बचाव कार्य का लिया जायजा। उन्होंने घटना में सुरक्षित निकले मजदूरों से बातचीत की और उनके साथियों की इस हादसे में मृत्यु हो जाने पर उन्हें ढांढस बंधाया। नायब तहसीलदार ग्रामीण जगदीश शर्मा ने बताया कि मृतकों को 25-25 हजार की राशि फौरी राहत प्रदान की गई है। इसके अलावा प्रभावित पांच मजदूरों को खाद्य सामग्री वितरित की गई है।