शिमला के कोटखाई में अग्निकांड, 25 लाख के नोट जले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिमला के साथ लगते कोटखाई में महासू पंचायत के अंतर्गत मियाधार में वीरवार रात को नौ कमरों का दो मंजिला मकान आग की भेंट चढ़ गया। अग्निकांड से एक करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया। आग से लाखों के आभूषणों समेत खून पसीने की 25 लाख की कमाई भी अन्य सामान के साथ जलकर राख हो गई।
आग लगने का शुरूआती कारण बिजली का शार्ट सर्किट माना जा रहा है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को 20 हजार की फौरी राहत दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार रात करीब आठ बजे माठु राम अपने परिवार के साथ रसोई में खाना खा रहा था। इसी बीच रसोई घर के साथ लगते कमरों से शीशे चटकने की आवाजें आने लगी। यह सुनते ही माठु राम घर से बाहर निकला। माठु राम ने साथ लगते कमरों से आग की लपटें उठती हुई देखीं।
करीब एक करोड़ रुपए का नुकसान
घर के सभी सदस्य जान बचाकर मकान से बाहर आए और मदद के लिए चिल्लाने लगे। आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस व अग्निशमन केंद्र को घटना की सूचना दी। साथ ही आग को बुझाने में जुट गए। रात करीब साढ़े नौ बजे दमकल वाहन मौके पर पहुंचा तथा आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि देखते ही लकड़ी से बना पूरा मकान जलकर राख हो गया।
मकान में आठ कमरे व एक रसोई थी। परिवार के सदस्यों ने सेब सीजन से कमाई 25 लाख रुपये की नगद भी घर में रखी थी। इस राशि से मकान की मरम्मत का कार्य करना था। घटना में 25 लाख रुपये तथा लाखों रुपये के आभूषण आग से जलकर नष्ट हो गए। तहसीलदार कोटखाई राजीव सांख्या ने बताया कि प्रभावित परिवार को 20 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई।
घटना में करीब एक करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। घर में 25 लाख रुपये की नगदी भी आग की भेंट चढ़ गई। पुलिस थाना प्रभारी धर्म सैन नेगी ने बताया कि शुरूआती जांच में आग लगने का कारण बिजली का शार्ट सर्किट माना जा रहा है। आग में दो मंजिला मकान पूरी तरह से जलकर राख हुआ है।