भारत-पाक मैच: सीएम को मनाने पहुंचे BCCI सचिव, मिला ये जवाब
धर्मशाला में प्रस्तावित भारत-पाक टी-20 वर्ल्ड कप क्रिकेट मैच की राह आसान होती दिख रही है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को मनाने के लिए बीसीसीआई सचिव एवं भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर बुधवार को विधानसभा परिसर में उनके चैंबर में जा पहुंचे। दोपहर करीब सवा एक बजे वीरभद्र-अनुराग के बीच यहां करीब आधा घंटा बातचीत हुई।
अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री को समझाया कि यह मैच हिमाचल के लिए कितना अहम है। वीरभद्र ने अनुराग से कहा- मुझे कोई दिक्कत नहीं। आपको मैच करवाना है तो पहले आप पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिवारों से इजाजत लें। उन्होंने कहा -अच्छा होता कि मुझे मनाने के बजाय पूर्व सैनिक लीग से मिल लेते।
उम्मीद जताई जा रही है कि इस सिलसिले में अब अनुराग ठाकुर हिमाचल पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष मेजर विजय सिंह मनकोटिया से मुलाकात करेंगे। उधर मनकोटिया ने कहा कि इस बारे में वह वीरवार को कुछ कह पाएंगे। कुल मिलाकर भारत पाक के प्रस्तावित मैच पर छाए संकट के बादल छटते दिख रहे हैं।
दोनों की बंद कमरे में हुई बात
बुधवार को शिमला आए अनुराग दोपहर अचानक मुख्यमंत्री से मिलने विधानसभा पहुंच गए। दोनों की बंद कमरे में बात हुई। सीएम ने कहा कि पूर्व सैनिक और शहीदों के परिजन भारत-पाक मैच का विरोध कर रहे हैं। तमाम मैचों के दौरान राज्य सरकार सुरक्षा मुहैया करा रही है।
लेकिन वे ऐसी स्थिति बिलकुल नहीं देखना चाहते कि जब ये लोग आंदोलनरत हों तो हिमाचल पुलिस इन्हें वहां से पीछे हटाए या लाठीचार्ज जैसे कोई हालात बनें। सीएम ने कहा कि हम अपनी फोर्स का इस्तेमाल पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिजनों के खिलाफ नहीं कर सकते।
सीएम ने कहा कि मैच का विरोध करने वालों में कई गंभीर लोग हैं। मुझे उम्मीद है कि अगर वे बातचीत करेंगे तो हालात बदल सकते हैं। इसके बाद मैच की इजाजत दी जा सकती है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी इस मसले पर हिमाचल सरकार से संवाद किया है। अगर अनुराग ठाकुर 15 दिन पहले उनसे मिले होते तो बात कुछ और होती।
वर्ल्ड कप मैच होने दें, पाक से द्विपक्षीय सीरिज नहीं होगी: अनुराग
सीएम से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री को बताया कि जब तक भारत-पाकिस्तान के संबंध सामान्य नहीं हो जाते, तब तक हिमाचल में द्विपक्षीय सीरिज नहीं होगी। धर्मशाला में प्रस्तावित भारत-पाक मैच विश्व कप से संबंधित है। इसकी तैयारियां काफी आगे निकल चुकी हैं। इसे होने दिया जाए।
ये देश के मान और सम्मान का समय- मीडिया से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा कि सीएम से अच्छे वातावरण में बातचीत हुई है। चर्चा हुई कि ऐसा निर्णय हो, जिससे देश का नाम बदनाम भी न हो और खेल व प्रदेश का नुकसान भी न हो। कोई भी नहीं चाहता कि किसी भी शहीद के परिवार को ठेस पहुंचे।
हम सभी उनका सम्मान करते हैं। जो शहीद इस देश के लिए मर मिटता है, उसी भारत देश पर कोई धब्बा भी नहीं लगे, यह हमारा प्रयास रहेगा। वर्ल्ड कप की एक वर्ष पहले तिथियां और स्थान तय हो चुके थे। ये देश के मान और सम्मान का समय है। ऐसे में हम सफलतापूर्वक आयोजन करें। सीएम ने समय दिया है,अब सकारात्मक निर्णय होगा।
मनकोटिया बोले- जल्दी स्पष्ट करेंगे अपनी स्थिति
पूर्व सैनिक लीग के हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने बुधवार शाम को कहा कि धर्मशाला में भारत-पाक मैच पर वे अपनी स्थिति वीरवार को ही स्पष्ट कर पाएंगे। हालांकि, वीरभद्र-अनुराग की मुलाकात से पूर्व बुधवार को
विधानसभा परिसर में उन्होंने कहा कि शहीदों के स्मारकों पर जहां पर धर्मशाला में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाती है, वहीं से महज कुछ ही दूरी पर पाकिस्तानी खिलाड़ियों का स्वागत उचित नहीं है। इससे शहीदों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ होगा। इसका विरोध होगा।