क्रिकेट से शुरू हुआ अनुराग का राजनीतिक सफर, आज बने बॉस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्रिकेट से राजनीति में आए हमीरपुर लोकसभा सीट से सांसद अनुराग ठाकुर दुनिया की सबसे अमीर और ताकतवर क्रिकेट संस्था की सबसे हॉट सीट पर काबिज हो गए हैं। यह क्रिकेट ही है, जो अनुराग को पहले राजनीति और बाद में राजनीति के साथ बीसीसीआई के शिखर पर ले आई। अनुराग ठाकुर का बचपन से क्रिकेट से खासा लगाव रहा है। दयानंद माडल स्कूल जालंधर में पढ़ाई के दौरान अनुराग पंजाब क्रिकेट टीम अंडर-15 और बाद में अंडर-19 के खिलाड़ी रहे हैं।
वर्ष 1992-93 में अनुराग पंजाब रणजी टीम के कैप्टन रहे। लेकिन इसी बीच अनुराग के छोटे भाई अरुण धूमल का इंजीनियरिंग में दाखिला हो गया और पिता सक्रिय राजनीति में उतर आए जिससे वे क्रिकेट को ज्यादा समय नहीं दे पाए। हालांकि, जिम्मेदारियां बढ़ने के बावजूद अनुराग ने हिमाचल में क्रिकेट को बढ़ावा देने का प्रयास करते हुए सबसे पहले हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन का गठन किया।
धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण करने के साथ हमीरपुर के नादौन अमत्तर, ऊना और बिलासपुर के लुहणू में बड़े स्तर के क्रिकेट स्टेडियमों का निर्माण कर प्रदेश के युवाओं के लिए खेल के क्षेत्र एवं क्रिकेट में नए रास्ते तैयार किए। क्रिकेट के कारण खासी चर्चा में आए अनुराग ठाकुर को इसका राजनीति में लाभ भी मिला। क्रिकेट के कारण युवाओं में खासी पकड़ रखने की बदौलत लगातार तीन बार लोकसभा सांसद चुने। भाई अरुण धूमल का मानना है कि अगर अनुराग ठाकुर राजनीति में नहीं आते तो आज भारतीय क्रिकेट टीम के उम्दा खिलाड़ी होते।
दूसरे सबसे युवा अध्यक्ष हैं अनुराग
41 साल के अनुराग बीसीसीआई के दूसरे सबसे युवा और शशांक मनोहर के बाद क्रिकेट बोर्ड के 37वें अध्यक्ष चुने गए हैं। वर्ष 1963 में 33 वर्षीय फतेह सिंह गायकवाड़ बीसीसीआई में सबसे कम उम्र के अध्यक्ष चुने जा चुके हैं।
लगातार तीन बार सांसद बने
अनुराग मई 2008 में उप चुनाव से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा पहुंचे। वह देश की मई 2008 में 14वीं लोकसभा, वर्ष 2009 में 15वीं और वर्ष 2014 में 16वीं लोकसभा में बतौर सांसद चुने गए।
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं अनुराग
लगातार तीन बार सांसद रहे अनुराग ठाकुर वर्तमान में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
इन संघों में प्रमुख पदों पर रहे अनुराग
मई 2008 में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष बने
वर्ष 2009 में साउथ अफ्रीका दौरे के दौरान चैंपियन ट्राफी में टीम इंडिया के मैनेजर
हिमाचल प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष
राइफल एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष
हॉकी हिमाचल प्रदेश के महासचिव
इंडिया हॉकी एसोसिएशन के वाइस प्रेजीडेंट
26 वर्ष की उम्र में भारतीय जूनियर क्रिकेट टीम के सिलेक्टर बने
(25 वर्ष की उम्र से अनुराग हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। वह धर्मशाला एचपीसीए स्टेडियम में आईपीएल मैच और इंग्लैंड टीम के साथ वन डे मैच करवाने में कामयाब रहे हैं)
निजी जीवन पर एक नजर
जन्म 24 अक्तूबर 1974 को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और माता शीला धूमल के घर जिला हमीरपुर के गांव समीरपुर में हुआ। जालंधर के दयानंद मॉडल स्कूल से स्कूली शिक्षा, दोआबा कॉलेज जालंधर से बीए स्नातक की पढ़ाई पूरी की। पूर्व लोक निर्माण एवं राजस्व मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह की बेटी शैफाली ठाकुर के साथ वर्ष 2002 में अनुराग परिणय सूत्र में बंधे।
जालंधर और चंडीगढ़ से क्रिकेट के क्षेत्र में मेहनत शुरू की। वर्ष 2001 में जम्मू-कश्मीर की टीम के साथ मैच में अनुराग हिमाचल के कप्तान रहे। हालांकि, इस मैच को हिमाचल ने 4 विकेट से हार दिया।
अनुराग की ताजपोशी से खुशी है। यह सच में पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उम्मीद है अनुराग क्रिकेट को बुलंदियों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। - प्रेम कुमार धूमल, पूर्व सीएम
क्रिकेट को बुलंदी पर लाने के लिए हर प्रयोग करेंगे: अनुराग
शशिभूषण पुरोहित। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष बने अनुराग ठाकुर क्रिकेट को बुलंदियों तक पहुंचाने के लिए हर प्रयोग करने को तैयार हैं। उनका पहला लक्ष्य देश में क्रिकेट के स्तर को और ऊपर उठाना रहेगा। वनडे, टेस्ट और टी-20 की तरह वह घरेलू क्रिकेट को भी तवज्जो देने के पक्षधर हैं।
रविवार को मुंबई में बीसीसीआई चीफ की नई जिम्मेदारी संभालने के बाद ‘अमर उजाला’ से फोन पर विशेष बातचीत में अनुराग ठाकुर ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि पुरुष क्रिकेट की तरह महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के विशेष प्रयास होंगे। इसके लिए ज्यादा टूर्नामेंट कराए जाएंगे। युवा प्रतिभाओं को आगे लाया जाएगा।
अनुराग ने कहा कि बीसीसीआई लोढा समिति की सिफारिशों को लागू करने का पक्षधर है। समिति की रिपोर्ट से पूर्व भी बीसीसीआई ने सभी सिफारिशों पर अमल किया है। एक व्यक्ति एक पद संबंधी सिफारिश पर उन्होंने कहा कि यह अभी विचारणीय है, अदालत के जैसे निर्देश होंगे अनुपालन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देश भर के क्रिकेट स्टेडियमों में रेन हार्वेस्टिंग और सोलर पैनल लगाने के लिए एनर्जी ऑडिट कराया जाएगा। टीम इंडिया के कोच के चयन पर कहा कि आगामी दस जून तक आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। इसके लिए कोई भी व्यक्तिगत रूप से आवेदन कर सकता है।
हिमाचल को मिल सकता है एनसीए का तोहफा
सांसद अनुराग ठाकुर के बीसीसीआई अध्यक्ष बनने से हिमाचल को नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) का तोहफा मिल सकता है। बड़े अंतर्राष्ट्रीय मैचों की मेजबानी के साथ अमतर, बिलासपुर, ऊना और प्रगतिनगर गुम्मा जैसे क्रिकेट स्टेडियमों में विश्व स्तर की सुविधाएं अब नसीब हो सकेंगी। भारतीय टीम में ऋषि धवन और सुषमा वर्मा के बाद कई और प्रतिभाओं को भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिल सकता है।
एचपीसीए प्रवक्ता संजय शर्मा ने धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अनुराग ठाकुर की ताजपोशी से हिमाचल में एनसीए खुलने की आस जग गई है। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि इसके लिए जमीन मुहैया करवाए। उन्होंने कहा कि अनुराग पहले भी एनसीए खोलने का प्रयास कर चुके हैं।
एचपीसीए इसके लिए सरकार से पत्राचार कर चुकी है। संजय ने दावा किया कि उस समय मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा था कि यदि बीसीसीआई एनसीए के लिए भूमि की मांग करती है तो प्रदेश सरकार भूमि उपलब्ध करवाएगी। अब एचपीसीए सरकार से कोई टकराव नहीं चाहती।
उन्होंने कहा कि अनुराग ने एचपीसीए अध्यक्ष बनने के मात्र छह साल में 2006 में हिमाचल की टीम को रणजी का विजेता बनाया। धर्मशाला में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण करवाया। अनुराग ने सभी चुनौतियों को पार करते हुए अब बीसीसीआई का सर्वोच्च पद हासिल किया है।
फिलहाल HPCA का अध्यक्ष पद नहीं छोड़ेंगे
एचपीसीए के प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा है कि अनुराग ठाकुर फिलहाल एचपीसीए का अध्यक्ष पद नहीं छोड़ेंगे। लोढा कमेटी की सिफारिशों का मामला अभी सुप्रीम कोर्ट में है। जब तक सुप्रीम कोर्ट से कोई फैसला नहीं आ जाता, तब तक एचपीसीए का
अध्यक्ष पद अनुराग ठाकुर अपने पास रखेंगे। उल्लेखनीय है कि एचपीसीए अध्यक्ष पद की कुुर्सी खाली होने की अटकलों के बीच इस पद के लिए लॉबिंग शुरू हो गई है। इस पद के लिए अनुराग के छोटे भाई अरुण धूमल का नाम सबसे ऊपर चल रहा है।
ये हैं लोढ़ा कमेटी की सिफारिशें
कोई भी बीसीसीआई पदाधिकारी मंत्री या सरकारी सेवा में नहीं होना चाहिए
कोई भी अध्यक्ष दो साल से अधिक समय तक अपने पद पर बना नहीं रहेगा
अध्यक्ष का कार्यकाल दो साल से अधिक का नहीं होना चाहिए
किसी भी पदाधिकारी के पास एक से अधिक पद नहीं रहेगा
अनुराग ठाकुर की ताजपोशी से बढ़ा हिमाचल का रुतबा
सुनील चड्ढा। सांसद अनुराग ठाकुर के बीसीसीआई अध्यक्ष बनने से हिमाचल को नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) का तोहफा मिल सकता है। बड़े अंतर्राष्ट्रीय मैचों की मेजबानी के साथ अमतर, बिलासपुर, ऊना और प्रगतिनगर गुम्मा जैसे क्रिकेट स्टेडियमों में विश्व स्तर की सुविधाएं अब नसीब हो सकेंगी। भारतीय टीम में ऋषि धवन और सुषमा वर्मा के बाद कई और प्रतिभाओं को भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिल सकता है।
एचपीसीए प्रवक्ता संजय शर्मा ने धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अनुराग ठाकुर की ताजपोशी से हिमाचल में एनसीए खुलने की आस जग गई है। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि इसके लिए जमीन मुहैया करवाए। उन्होंने कहा कि अनुराग पहले भी एनसीए खोलने का प्रयास कर चुके हैं।
एचपीसीए इसके लिए सरकार से पत्राचार कर चुकी है। संजय ने दावा किया कि उस समय मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा था कि यदि बीसीसीआई एनसीए के लिए भूमि की मांग करती है तो प्रदेश सरकार भूमि उपलब्ध करवाएगी। अब एचपीसीए सरकार से कोई टकराव नहीं चाहती।
उन्होंने कहा कि अनुराग ने एचपीसीए अध्यक्ष बनने के मात्र छह साल में 2006 में हिमाचल की टीम को रणजी का विजेता बनाया। धर्मशाला में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण करवाया। अनुराग ने सभी चुनौतियों को पार करते हुए अब बीसीसीआई का सर्वोच्च पद हासिल किया है।
हिमाचल के खिलाडिय़ों को जगी उम्मीद
अनुराग ठाकुर के बीसीसीआई के सर्वोच्च पद पर आसीन होने से हिमाचल में क्रिकेट और क्रिकेट खिलाडिय़ों को एक नई उम्मीद जगी है। एक अरसे से हिमाचल में क्रिकेट के नए सितारे उभर कर सामने आए हैं, जो क्रिकेट के राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय फलक पर अपनी छाप छोड़ चके हैं।
अभी हाल ही में आईपीएल और टीम इंडिया की ओर से खेल चुके मंडी के ऋषि धवन के अलावा पारस डोगरा, संग्राम सिंह और अंकुश बैंस जैसे खिलाड़ी इसी दहलीज पर हैं। अनुराग की ताजपोशी के बाद हिमाचल में क्रिकेट की संभावना और विस्तार की उम्मीद और बलवती हो गई है।
अनुराग का बीसीसीआई अध्यक्ष बनना ऐतिहासिक : शांता
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद शांता कुमार ने सांसद अनुराग ठाकुर को बीसीसीआई अध्यक्ष बनने पर बधाई दी है। शांता ने कहा कि युवा अनुराग का बीसीसीआई अध्यक्ष पद पर चयन होना ऐतिहासिक है। यह हिमाचल के लिए गौरवान्वित करने वाली बात है। उन्होंने अनुराग ठाकुर को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश की क्रिकेट टीम और बीसीसीआई बुलंदियों को छुएगी।