अफवाहों से बचें जो सही जानकारी हो, उस पर ही भरोसा करें: जयराम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीएम जयराम ठाकुर ने सोमवार को सदन में प्रदेश की जनता से अपील की कि वह अफवाहों से बचे। जो सही जानकारी हो, उस पर ही विश्वास करें। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य को ही किसी भी तरह की आधिकारिक सूचना के लिए अधिकृत किया गया है।
उन्होंने कहा कि आज इस बात की पीड़ा हो रही है कि कोरोना वायरस के दो मामले हिमाचल में आए हैं। प्रदेश में कोरोना वायरस के 57 संदिग्ध मरीजों के टेस्ट किए गए हैं। इनमें 55 निगेटिव पाए गए हैं, जबकि दो पॉजिटिव पाए गए हैं।
1237 ट्रेवल हिस्ट्री वाले लोग थे। इनको आईसोलेट किया गया। 426 लोगों ने 28 दिन पूरे किए। सीएम ने केंद्र सरकार के निर्देशों का पालन करने के लिए सभी दलों का भी धन्यवाद किया।
सीएम बोले, विदेश में भी फंसे कुछ लोग, ऐसे लोगों को ला रहे
विदेश में कुछ लोग फंसे हैं, ऐसे लोगों को लाया जा रहा है। इस बारे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोगों का सहयोग लिया जा रहा है।
विधायकों से अपील, अपने-अपने क्षेत्रों में शादियों की धाम रोकें
मुख्यमंत्री ने विधायकों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शादियों की धाम रोेकें। धाम बाद में भी हो सकती है। नवरात्रों के दौरान कई शादियों के मुहूर्त भी हैं। ऐसे में शादियां तो नहीं रोकी जा सकती हैं, मगर धाम स्थगित की जा सकती हैं। उन्होंने विधायकों को अपने क्षेत्रों में नजर रखने के निर्देश दिए।
मनमानी करने वालों पर सख्ती, टेस्ट की संख्या बढ़ाएंगे
सीएम बोले, मनमानी करने वालों पर सख्ती की जा रही है। आईजीएमसी शिमला और टांडा कॉलेज में 80 से 90 टेस्ट हो सकते हैं। जोनल अस्पताल मंडी और सीआरआई कसौली में भी कोरोना टेस्ट की सुविधा शुरू करने का सरकार से आग्रह किया जा रहा है।
जनता कर्फ्यू ने बताया, मोदी पर लोगों को कितना भरोसा
भाजपा विधायक दल की बैठक सोमवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। विधायक दल के सचिव और सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने बताया कि भाजपा विधायक दल ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया कि जिस प्रकार से केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस जैसी वैश्विक महामारी से लड़ने के लिए इंतजाम किए हैं और जिस प्रकार देश के प्रत्येक नागरिक को कोरोना वायरस को लेकर जागरूक किया है, वह अपने आप में उपलब्धि है।
राकेश जमवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर जनता ने कर्फ्यू के दौरान देश की समस्त जनता ने पूरी तरह से पालन किया। वह प्रधानमंत्री में देश की जनता का विश्वास दिखाता है। उन्होंने कहा कल जनता कर्फ्यू में देशवासियों ने जिस संकल्प और स्वेच्छा के साथ अपना योगदान किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निवेदन का पूरा-पूरा पालन किया, वह सराहनीय है। देश की सभी राजनीतिक पार्टियों और सामाजिक संगठनों ने प्रधानमंत्री जी के आह्वान के साथ खुद को जोड़ा, इसके लिए सभी का धन्यवाद है।
विधायक दल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को कोरोना वायरस के चलते हिमाचल प्रदेश में अच्छी व्यवस्था के लिए भी बधाई दी। जिस प्रकार से जयराम सरकार ने हिमाचल प्रदेश में कोरोना के वायरस से जनता के बचाव के लिए कार्य किया है। यह सराहनीय है। जयराम सरकार ने जिस प्रकार से प्रदेश में हर जिले और खंड स्तर पर परिस्थितियों पर सतर्क दृष्टि रखी, उसका एक सकारात्मक परिणाम देखने को मिला है कि हिमाचल में तुलनात्मक बहुत ही कम करोना वायरस के केस आए हैं। हिमाचल में भी सभी राजनीतिक दलों ने इस वैश्विक महामारी के समय में एकत्रीकरण का संदेश दिया है उसके लिए विधायक दल ने उनका आभार जताया।
इकाइयों को सैनिटाइजर बनाने की दी अनुमति
कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार ने सैनिटाइजर के उत्पादन के लिए मार्गदर्शिका जारी की है। राज्य कर एवं आबकारी विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि विभाग सैनिटाइजर उत्पादन की इकाइयों को सैनिटाइजर के उत्पादन की तत्काल अनुमति दे रहा है। सैनिटाजर के उत्पादन के लिए जरूरी लाइसेंस की स्वीकृति को उच्च प्राथमिकता दी जा रही है। कानूनी प्रावधानों के अनुसार यह स्वीकृति शीघ्र दी जा रही है।
जिन सैनिटाइजर उत्पादन इकाइयों ने सैनिटाइजर बनाने के लिए ईएनए (स्पिरिट) के निर्यात को आग्रह किया है, उन्हें बिना किसी देरी के कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत स्वीकृति दी जा रही है। पिछले सात दिन में मैसर्स साई कारपोरेशन, मैसर्स वेनेसा कॉस्मेटिक्स, नांज मेड साइंस फार्मा, मैसर्स हेल्थ बायोटेक लिमिटेड, मैसर्स अमिल फार्मास्युटिकल्स इंडिया लिमिटेड, मैसर्स आईटीसी लिमिटेड और मैसर्स नेक्स्ट केयर इन को स्वीकृतियां दी हैं। राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने यह सुनिश्चित किया है कि राज्य में सैनिटाइजर उत्पादन में कमी न हो और इसकी उपलब्धता के लिए प्रशासन की मदद का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
विधानसभा में मास्क पहनकर आए विधायक और कर्मचारी
विधानसभा के बजट सत्र की अंतिम बैठक के दौरान विधायकों, कर्मचारियों और पुलिस कर्मियों में कोरोना के खौफ का असर दिखा। कई विधायक, पुलिस कर्मी और विधानसभा कर्मी मुंह में मास्क पहनकर घूमते दिखे। वहीं, विधानसभा परिसर के अंदर जाने वाले हर व्यक्ति को हाथ सैनिटाइज करने के बाद ही सदन में प्रवेश करने दिया गया। खास बात यह है कि अब कोरोना से बचाने के लिए विधायकों ने खुद भी लोगों को जागरूक करने के लिए मोर्चा संभाल लिया है।
धर्मशाला से विधायक विशाल नैहरिया ने अपने वाहन में छोटे स्टिकर चिपकाएं हैं, जिनमें लोगों को कोरोना से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। विधानसभा में हिमाचल लॉकडाउन की सूचना के आते ही प्रदेशभर में जंगल की आग की तरह फैल गई। राशन की दुकानों पर लगी भीड़ दोगुनी हो गई। वहीं, लोगों में दवाओं और रोजमर्रा की जरूरत के सामान को खरीदने की होड़ भी दिखी। फिलहाल सरकार ने स्पष्ट किया है कि राशन, दवा जैसी रोजमर्रा के सामान की दुकान खुली रहेंगी। लेकिन लोग बंदी के चलते सामान स्टॉक करने में जुट गए।