{"_id":"624e9a9be0f46442276ba517","slug":"arvind-kejriwal-strategy-for-aam-aadmi-party-in-himachal-pradesh","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिमाचल: झलक तो अच्छी दिखा गए केजरीवाल पर पहाड़ चढ़ना चुनौती","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिमाचल: झलक तो अच्छी दिखा गए केजरीवाल पर पहाड़ चढ़ना चुनौती
Thu, 07 Apr 2022 01:33 PM IST
अरविन्द ठाकुर
अखिलेश महाजन, संवाद न्यूज एजेंसी, मंडी
अखिलेश महाजन, संवाद न्यूज एजेंसी, मंडी
Published by: अरविन्द ठाकुर
Updated Thu, 07 Apr 2022 01:33 PM IST
सार
आम आदमी पार्टी के शक्ति प्रदर्शन अन्य जिलों में भी हुए तो यह कांग्रेस और भाजपा के लिए खतरे की घंटी होंगे और आप को रोकने के लिए हिमाचल में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्ष में बैठी कांग्रेस को विशेष रणनीति के तहत काम करना होगा वरना दिल्ली और पंजाब में चली आप की झाडू यहां भी बहुत कुछ साफ कर सकती है।
विज्ञापन
रोड शो के दौरान अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान।
- फोटो : संवाद
विस्तार
सीएम जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी में आम आदमी पार्टी की तिरंगा रैली में शक्ति प्रदर्शन कर अरविंद केजरीवाल झलक तो अच्छी दिखा गए, पर पहाड़ की चढ़ाई चुनौती भरी होगी। उम्मीद थी कि इस रैली में चुनावी शंखनाद के साथ आप हिमाचल में सीएम के चेहरे के साथ उतरेगी। ऐसा हुआ नहीं। हालांकि, बिना मुख्यमंत्री के चेहरे के पंजाब, दिल्ली और हिमाचल से भीड़ जुटाकर आम आदमी पार्टी विधानसभा चुनाव की रण में हुंकार भरने में काफी हद तक कामयाब रही। इसे आगे बरकरार रखना बहुत आसान नहीं होगा। हिमाचल के लोगों के बारे में यह धारणा भी है कि वे इतनी जल्दी किसी को अपनाते नहीं हैं। पूरी परख के बाद ही कोई फैसला लेते हैं।
विज्ञापन
ज्यादा से ज्यादा पहाड़ के लोगों को साथ जोड़कर आगे का रास्ता तैयार करने में आम आदमी पार्टी को कुछ वक्त भी लग सकता है। इस रणनीति पर भी काम हो रहा है। आगे की राह आसान बनाने के लिए जगह-जगह कांग्रेस और भाजपा से नाराज चलने वालों को साथ लिया जा रहा है और मंडी में समर्थन के बाद अब आप के कार्यकर्ता पूरे हिमाचल में तिरंगा रैली की तैयारी में हैं। यदि इस के शक्ति प्रदर्शन अन्य जिलों में भी हुए तो यह कांग्रेस और भाजपा के लिए खतरे की घंटी होंगे और आप को रोकने के लिए हिमाचल में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्ष में बैठी कांग्रेस को विशेष रणनीति के तहत काम करना होगा वरना दिल्ली और पंजाब में चली आप की झाडू यहां भी बहुत कुछ साफ कर सकती है।
विज्ञापन
चढ़ा सियासी पारा, तीन मुख्यमंत्री एक साथ गरजे
हिमाचल में विधानसभा चुनाव का माहौल गरमा गया है। कांग्रेस और भाजपा के अलावा थर्ड फ्रंट चुनावी रण में कूद पड़े हैं। बुधवार को तीन राज्यों के मुख्यमंत्री मंडी में गरजे। सीएम ने गृह जिला के खुद के विधानसभा क्षेत्र सराज के थुनाग में भाजपा के स्थापना दिवस पर मोर्चा संभाला तो वहीं सीएम के गृह जिला में ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनावी ललकार भरी। वहीं सोमवार को कांग्रेसी भी मंडी में गरज कर प्रदर्शन कर चुके हैं।
विज्ञापन
अरविंद और भगवंत के शो में नहीं दिखे हिमाचल के नेता
रोड शो के दौरान अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के साथ गाड़ी में हिमाचल के एक भी नेता को जगह नहीं मिली। इस बात को लेकर आप का दामन थामने वालों में चर्चा है। वहीं, भीड़ को लेकर भी भाजपा और कांग्रेस आम आदमी पर सवाल उठा रही है। सवाल यह उठाया जा रहा है कि पंजाब और दिल्ली से भीड़ एकत्र की गई है, जबकि हिमाचल के कोने-कोने से आम आदमी पार्टी की तिरंगा यात्रा में पहुंचने वालों को वाहन की सुविधा मुहैया नहीं करवाई गई।