अवैध वसूली पर रोहडू़ में बागवानों का प्रदर्शन, एसडीएम ने बैठक बुलाकर लिया ये फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेब सीजन में सब्जी मंडियों में अवैध वसूली के खिलाफ शनिवार को रोहडू में बागवानों ने प्रदर्शन किया। किसान संघर्ष समिति के बैनर तले रोहडू बाजार में रैली के बाद एसडीएम कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर ज्ञापन सौंपा गया।
आनन-फानन में एसडीएम और एपीएमसी अधिकारियों ने बैठक की, जिसमें फैसला लिया गया कि आढ़तियों को एक सप्ताह के भीतर अवैध वसूली का पैसा लौटाना होगा। आनाकानी करने वाले पर एपीएमसी पुलिस में मामला दर्ज कराएगी।
इन दिनों मंडियों में प्रति पेटी खर्च के नाम पर बागवानों से 20 से 30 रुपये वसूले जा हैं। बागवानों का कहना है कि एपीएमसी के नियमों की अनदेखी कर आढ़ती लूट खसोट कर रहे हैं।
सब्जी मंडी के अंदर पांच रुपये व मंडी से बाहर निजी स्थान पर सात रुपये से अधिक प्रति पेटी का खर्च नहीं लिया जाए। वहीं, आढ़ती 20 से 30 रुपये प्रति पेटी वसूल कर रहे हैं।
एपीएमसी एक्ट 2005 के तहत बागवानों से प्रति पेटी पांच रुपये आढ़ती ले सकते हैं लेकिन बिचौलिये एक्ट की धज्जियां उड़ा रहे हैं। बैठक में नायब तहसीलदार डीएस नेगी, अधीक्षक राजेश चौहान ने प्रशासन की ओर से बागवानों के हित में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
विरोध प्रदर्शन में रोहडू इकाई से सुखदेव चौहान, छौहरा से बिहारी लाल चौहान, संसार चंद खलास्टा, अजय दुल्टा, डोडरा क्वार से प्रधान कपिल चौहान सहित क्षेत्र के दर्जनों किसान बागवान उपस्थित थे।
इन मांगों पर हुई चर्चा
रोहडू के एसडीएम कार्यालय के सभागार में एपीएमसी के प्रतिनिधि, प्रशासन व किसान संघर्ष समिति की ओर से मांगों पर चर्चा में हिमाचल किसान संघर्ष समिति के सचिव संजय चौहान ने कहा कि बागवानों के सेब की बिक्री के पर्चे सेब बिकने के बाद उसी दिन दिए जाएं।
सेब के दाम भी उसी दिन आढ़तियों को चुकाने होंगे। कोई आढ़ती इस शर्त को नहीं मानता तो उससे कारोबार की क्षमता के अनुसार बैंक गारंटी ली जाए। एपीएमसी के निर्देश पर यदि बागवानों के कम किए गए रुपये नहीं लौटाए गए तो एपीएमसी पुलिस में आढ़तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाएगी।
रोहडू सहित हर मंडी में आढ़तियों को दुकानों के बाहर अपने लाइसेंस टांगने होंगे। एपीएमसी मंडी के बाहर बागवानों की सुविधा के लिए निर्देश बोर्ड लगवाएगी। आढ़तियों व लदानियों को एक सप्ताह के भीतर बैंक गारंटी जमा करवानी होगी।
गुप्त तरीके से सेब की बोली लगाने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। मंडी में हर आढ़ती को अपने बिक्री स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के एपीएमसी आदेश करेगी।
नए-नए हथकंडे अपना रहे आढ़ती : संजय
एपीएमसी की ओर से रोहडू मंडी में तैनात सेल सुपरवाइजर मंजू बाला ने बागवानों की सभी मांगों को एक सप्ताह में पूरा करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने दर बंद करने, 20 रुपये की वसूली, कपडे़ के नीचे बोली लगाने के मामले रोकने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जिन बागवानों को कोई परेशानी हो रही, वे मंडी में उनके कार्यालय पहुंच कर संपर्क कर सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश किसान संघर्ष समिति सचिव संजय चौहान कहते हैं कि प्रदेश की मंडियों में इस साल सेब सीजन के दौरान बागवानों का आर्थिक शोषण करने के लिए आढ़ती नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। इस सेब सीजन में आढ़तियों ने बागवानों से अवैध वसूली शुरू कर दी है। एपीएमसी एक्ट 2005 के तहत सिर्फ पांच रुपये प्रति पेटी वसूले जा सकते हैं परंतु इस बार सेब के प्रति पेटी के 20 से 30 रुपये वसूले जा रहे हैं।