13 साल की उम्र में खुले में शौच, नशे के खिलाफ छेड़ी जंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकाघाट के 13 साल के प्रज्जवल के समाजसेवा के जज्बे को देखकर हर कोई हैरान हो जाता है। सरकाघाट के एक निजी स्कूल में आठवीं के छात्र ने बरच्छवाड़ में खुले में शौच करने वाले प्रवासी मजदूरों के खिलाफ अभियान चलाया और उन्हें समझाकर उनकी इस आदत को बंद करवाया। प्रज्जवल के समझाने के बाद क्षेत्र के दर्जनों प्रवासी बच्चों ने भी खुले में शौच जाना बंद कर दिया।
जो नहीं मानते थे, उनके गले में हार डालकर लज्जा का अनुभव करवाया गया। प्रज्जवल ने नगर पंचायत और स्थानीय पंचायत में जिनके पास शौचालय नहीं थे, उन्हें सरकारी योजना का लाभ भी दिलाया। यही नहीं, उन्होंने इलाके में ध्वनि प्रदूषण और नशे के खिलाफ भी जागरूकता अभियान चलाया। उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस पर उन्हें समाज के प्रति किए गए कार्यों के लिए सम्मानित किया गया है।
माता-पिता और शिक्षकों ने भी प्रज्जवल का साथ दिया। नगर पंचायत में जोर-जोर से डीजे और स्पीकर बजाने की एसडीएम की अनुमति रद्द करने के लिए उन्हें पत्र लिखा। मांग की कि सीमित समय में डीजे बजाने और कम आवाज रखने के आदेश दिए जाएं। इस पर एसडीएम ने भी अपने आदेश को वापस ले लिया। नशा करने वालों को भी जागरूक किया। इससे प्रभावित होकर कई लोगों ने शराब छोड़ दी। उन्होंने ऐसे लोगों को भी जगजाहिर किया, जो नशा फैला रहे थे।
बहु विवाह प्रथा को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के लिए बताया धक्का
प्रज्जवल ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में प्रदेश के ऐसे इलाकों जहां आज भी बहुविवाह की प्रथा है, उसे पूरी तरह बंद करवाने की गुहार लगाई थी। इनके पिता नरेश कमल शर्मा शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि प्रज्जवल ने पत्र में जिक्र किया था कि अगर आज भी यह प्रथा कुछ क्षेत्रों में है तो यह बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के लिए बड़ा धक्का है। सीएम ने पत्र पढ़कर अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बड़े भाई प्रफुल्ल को राष्ट्रपति-पीएम कर चुके हैं सम्मानित
प्रज्जवल ने बताया कि उन्हें यह प्रेरणा बड़े भाई प्रफुल्ल से मिली है। बड़े भाई को वीरता पुरस्कार राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, आर्मी चीफ सहित कई बड़ी हस्तियों से मिल चुका है। माता अनुबाला और पिता नरेश कमल से पूरा सहयोग मिला। प्रज्जवल के बड़े भाई ने स्कूल टूर पर गई बस को खाई में गिरने से रोका था। इसमें कई बच्चे थे। बाद में इस बहादुरी पर उन्हें बड़े-बड़े मंचों पर सम्मानित किया गया था।