उद्योग विभाग के साथ उद्यम स्थापित करेगा कृषि उद्योग निगम
हिमाचल में कृषि उद्योग निगम उद्योग विभाग के साथ मिलकर उद्यम स्थापित करेगा। आवश्यकता पड़ने पर निगम हिमाचल में पंट्रोल पंप भी स्थापित कर सकता है। यह जानकारी बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ने निदेशक मंडल के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उन्होंने कहा कि कृषि उद्योग निगम सीमित ने वर्ष 2018.19 के लिए 71.06 करोड़ रुपये की बिक्री का लक्ष्य निर्धारित किया है जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 31 करोड़ रुपये अधिक है और इसमें कुल लाभ 129.19 रुपये होगा।
महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि निगम के पास राज्य के अनेक स्थानों पर बहुमूल्य जमीन उपलब्ध है और निगम को अपनी आय बढ़ाने के लिए निजी सार्वजनिक सहभागिता (पीपीपी) प्रणाली को अपनाना चाहिए।
पता लगाकर उपयुक्त दोहन आवश्यक
उन्होंने कहा कि घाटे से उभरने के लिए अनेक ऐसी संभावनाएं मौजूद हैं जिनका पता लगाकर उपयुक्त दोहन आवश्यक है। बैठक में अवगत करवाया गया कि निगम पर 1.40 करोड़ रुपये की पिछली देनदारियां है। जिन्हें मौजूदा संसाधनों से पूरा नहीं किया जा सकता और इसके लिए 1.50 करोड़ रुपये के अनुदान की
तुरंत आवश्यकता है। इसका मामला सरकार को भेजा जाएगा। बैठक की कार्यवाही का संचालन एग्रो इंडस्ट्रीज कार्पोरेशन के प्रबंध निदेशक मदन चौहान ने किया। वित्त सचिव अक्षय सूद, निदेशक बागवानी सहित निगम के अन्य निदेशक बैठक में उपस्थित थे।