Hamirpur: अग्निहोत्री बोले- प्रत्येक राशन डिपो संचालक को प्रतिमाह मिलेगा 20 हजार रुपये वेतन
कांग्रेस की सरकार बनने के एक माह के भीतर प्रत्येक राशन डिपो धारक को प्रतिमाह 20 हजार रुपये मिलेंगे। यह बात नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को टाउन हॉल हमीरपुर में हिमाचल प्रदेश डिपो संचालक समिति के सम्मेलन में कही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के एक माह के भीतर प्रत्येक राशन डिपो धारक को प्रतिमाह 20 हजार रुपये वेतन मिलेगा। ताकि डिपो संचालक, डिपो सहायक और दुकान का किराये समेत अन्य खर्चों की पूर्ति हो पाए। प्रदेशभर में विभिन्न सहकारी सभाओं के तहत चल रहे राशन डिपुओं को भी निजी डिपुओं की तर्ज पर यह तमाम लाभ मिलेंगे। यह बात नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को टाउन हॉल हमीरपुर में हिमाचल प्रदेश डिपो संचालक समिति के सम्मेलन में कही। अग्निहोत्री ने कहा कि डिपो धारकों को तीन फीसदी कमीशन बहुत कम है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कमीशन तो केवल दलालों को मिलती है, इसलिए कमीशन का यह खेल खत्म कर स्थायी नीति बननी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राशन डिपुओं का लाइसेंस हर साल नवीनीकरण के बजाय आजीवन बनेगा, ताकि बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। कांग्रेस सरकार बनने पर आयकर दाताओं को भी एपीएल की तर्ज पर पीडीएस के तहत खाद्य वस्तुएं दी जाएंगी। मुकेश ने कहा कि डिपो संचालक समिति की मांगों को चुनाव घोषणा पत्र में बड़े-बड़े अक्षरों में दर्ज करवाएंगे। उन्होंने कहा कि डिपो संचालक मौजूद सरकार के कार्यप्रणाली से काफी परेशान हैं। जो मुद्दे पांच साल में हल होने चाहिए थे वे अभी तक हल नहीं हो पाए। ऐसे में अब इस सरकार के आगे हाथ फैलाने का कोई फायदा नहीं है। क्योंकि जयराम सरकार जाने वाली है और कांग्रेस सत्ता में आने वाली है।
सम्मेलन में कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, पूर्व सीपीएस अनीता वर्मा, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया समेत प्रदेशभर के करीब 550 डिपो संचालक उपस्थित रहे।
50 दिन की बची भाजपा सरकार
सर्वे में भाजपा की सरकार रिपीट होने के मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने कार्यालय में बैठकर इस तरह के सर्वे करवाए हैं, तभी तो उनके हक में आए होंगे। उन्होंने कहा कि अब यह सरकार 50 दिन बची है। हिमाचल में कांग्रेस की सरकार वाली है बनने से कोई नहीं रोक सकता। जयराम को जाना है और उन्हें मानसिक तौर पर अपने आप को तैयार कर लेना चाहिए।
खुद को हिमाचल के नवाब समझ रहे हैं सीएम जयराम ठाकुर
नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अमृत महोत्सव पर 75-75 लाख खर्च किए जा रहे हैं। प्रदेश में 4-4 हैलीकॉप्टर किराये पर लिए हुए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर खुद को हिमाचल प्रदेश का नवाब समझ बैठे हैं और जमकर सरकारी कोष उड़ाया जा रहा है। सरकारी तंत्र रैलियों में भीड़ एकत्रित करने में लगा है। प्रदेश में निगम के सारे रूट रद्द कर 100 से 150 बसें रैलियों में भेजी जा रही हैं। बसों में भाजपा के झंडे लगाए जा रहे हैं। इन आयोजनों में सरकारी धाम, फूल, कुर्सियां, बैंड सब सरकारी हैं।
सरकारी विभागों में 70 हजार पद खाली, भाजपा सरकार नहीं कर सकी नियुक्तियां
कांग्रेस ने हिमाचल में पांच लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया है। इसके लिए सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों को भरने के साथ ही निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने हिमाचल प्रदेश को बेरोजगारी दर में देश में पहले 5 राज्यों में शामिल कर दिया है। युवाओं और रोजगार के संदर्भ में सोमवार को हमीरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में बड़सर विधायक एवं प्रदेश कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंद्रदत्त लखनपाल ने यह बात कही।
लखनपाल ने पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करने, प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा के लिए 10 करोड़ का स्टार्टअप फंड, 300 यूनिट फ्री बिजली और किसान-बागवान खुद अपने उत्पान का मूल्या निर्धारण समेत सभी दस गारंटियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य की सभी 68 में विधानसभा क्षेत्रों में से प्रत्येक के लिए 10 करोड़ का स्टार्टअप फंड स्थापित होगा।इससे सभी विधानसभा में स्टार्ट-अप शुरू करने में युवाओं को मदद मिलेगी। स्टार्टअप फंड का उद्देश्य युवाओं को ब्याज मुक्त और गांरटी रहित लोन उपलब्ध करवाना है। इससे युवा स्टार्टअप स्थापित कर सकेंगे, जिससे रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार न देकर उनको लगातार मुद्दों से भटकाने का काम अब ज्यादा वक्त नहीं चलने वाला है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा में जानकारी दी थी कि प्रदेश में 70 हजार से अधिक पद खाली चल रहे हैं। जिन्हें क्रमवार भरना चाहिए था। लेकिन सरकार इन पदों को भरने में विफल रही। युवाओं के लिए कौशल विकास केंद्र और प्रत्येक विस क्षेत्र में छात्रावास की घोषणा की थी, जोकि पूरी नहीं हो पाई। अमृत महोत्व के नाम पर करोड़ों रुपये सरकारी खजाने से खर्च कर सरकारी कर्मचारियों की भीड़ जुटाई जा रही है। लखनपाल ने पूछा कि अगर यह सरकारी कार्यक्रम हैं तो कार्यक्रम में भाजपा के झंडे और उनके कार्यकर्ता क्या कर रहे हैं। लखनपाल ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस विधायकों को तो इन कार्यक्रमों में निमंत्रण तक नहीं दिया जा रहा। फिर यह कैसे आजादी और हिमाचल स्थापना के महोत्सव हैं। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेंद्र जार, युवा कांग्रेस से मीडिया चेयरमैन डॉ. चंदन राणा, पूर्व सीपीएस अनीता वर्मा, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया, जगजीत ठाकुर, अजय शर्मा और मनोज शर्मा आदि नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।