अब सोलन में भी होगा रोमांच का ये खेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए जहां अब तक बीड़ बिलिंग और सोलंगनाला ही प्रसिद्घ थे वहीं अब इसमें सोलन का नाम भी जुड़ गया है। बीड़ बिलिंग और सोलंगनाला की तरह अब सोलन में भी पैराग्लाइडिंग होगी। दंगील पंचायत में पैराग्लाइडिंग उड़ान का सफल परीक्षण किया जा चुका है।
विंगस्टर्स पैराग्लाइडिंग के निदेशक गुरबीर सिंह ने वीरवार को यहां की पहाड़ियों से छह मिनट तक सफल पैराग्लाइडिंग कर 2000 फुट ऊंचाई से दंगील पंचायत स्थित स्कूल ग्राउंड में लैंडिंग की। दंगील में पैराग्लाइडिंग के लिए आठ किलोमीटर तक उचित स्थान का दावा किया है।
पंचायत से मांगी एनओसी
गुरबीर सिंह ने बताया कि टेकऑफ और लैंडिंग में भी कोई परेशानी नहीं आएगी। उन्होंने पंचायत से एनओसी की मांग की है। जल्द वह टूरिज्म विभाग को रिपोर्ट सौंपेंगे। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले उन्होंने नालदेहरा में भी पैराग्लाइडिंग के लिए स्थान चिन्हित किया था। वहां आज देश-विदेश के पर्यटक पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठाते हैं।
पैराग्लाइडिंग शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को रोजगार मिलेगा। यह क्षेत्र टूरिज्म विभाग की देखरेख में होगा। यहां कई तरह की एक्टिविटी हो पाएंगी। इसके लिए देश-विदेश से लोग पहुंचेंगे तथा ग्रामीणों के लिए आमदनी का साधन बनेगा। पैराग्लाइडिंग में टेकऑफ व लैंडिंग में लोगों को रोजगार मिलेगा।
यहां की जा चुकी पैराग्लाइडिंग
दंगील समेत सोलन में तीन अन्य जगह पैराग्लाइडिंग की सफल उड़ान की जा चुकी है। इसमें कसौली के मशोबरा, सोलन के खनोग, कंडाघाट के वाकनाघाट शामिल हैं। यहां भी पंचायतों से संपर्क किए जाने के आसार हैं।
दंगील की प्रधान निशा चौहान ने बताया कि एनओसी के बारे में उनसे बात की गई है। 15 अगस्त की ग्राम सभा में ग्रामीणों से चर्चा की जाएगी। यदि क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग होती है तो टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा।
जिला पर्यटन अधिकारी अरुण भारद्वाज ने कहा कि ऐसे प्रस्ताव की विभाग अनदेखी नहीं कर सकता। प्रस्ताव मिलने के साथ विभाग की तकनीकी टीम भी इस पर काम करेगी। उसी के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।