शिमला: सत्येंद्र जैन बोले- भाजपा को हराने का मूल मंत्र जानती है आम आदमी पार्टी
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि हिमाचल में आप का मुकाबला भाजपा से ही होगा और कांग्रेस से कोई चुनौती नहीं है। आप भाजपा को हराने का मूल मंत्र जानती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव में आम जनता का सहयोग मिला है। इससे आप का उत्साह और बढ़ा है। अब आप हिमाचल प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। प्रदेश में सत्ता में आते ही दिल्ली की तर्ज पर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं निशुल्क की जाएंगी। पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाएगा। जैन पार्टी दफ्तर शिमला में शनिवार को पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
जैन ने कहा कि वर्तमान में पार्टी के दफ्तर और पदाधिकारी सभी विधानसभा क्षेत्रों में खुले हैं। हिमाचल में आप का मुकाबला भाजपा से ही होगा और कांग्रेस से कोई चुनौती नहीं है। आप भाजपा को हराने का मूल मंत्र जानती है। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से चुनाव में 17 हजार वोट लेने वाले राकेश चौधरी और शिमला नगर निगम के पूर्व पार्षद गौरव शर्मा ने जैन के समक्ष आप का दामन थाम लिया है। जैन ने बताया कि जल्द ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हिमाचल आएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली मॉडल के बूते पार्टी ने पंजाब में फतेह हासिल की है।
पंजाब के खास नेताओं को आम लोगों ने हाशिए पर ला दिया है। अब आप पंजाब में दिल्ली की तर्ज पर आम लोगों का कल्याण करने के साथ वहां का विकास करेगी। दिल्ली सरकार ने लोगों को कुछ मुफ्त नहीं दिया है। आम जनता सरकार को जो टैक्स देती है, उसे लोगों पर खर्च किया है। पार्टी हिमाचल के लोगों के लिए कई नई योजनाएं चलाएगी। जैन ने कहा कि हिमाचल में भाजपा और कांग्रेस से जनता परेशान है। दोनों दलों के कई नेता आप में शामिल होंगे। ये कौन नेता हैं? इस सवाल को वह टाल गए। आप शिमला नगर निगम चुनाव भी लड़ेगी।
भाजपा नेता को आम आदमी पार्टी ने दिया ऑफर
पंजाब में परचम फहराने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) हिमाचल प्रदेश में सक्रिय हो गई है। आप ने प्रदेश में सदस्यता अभियान तेज कर दिया है और इसी के साथ भाजपा-कांग्रेस के नाराज नेताओं से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन सोलन में भाजपा से नाराज एक नेता के घर पहुंचे।
जैन ने इन नेता के घर पर नाश्ता किया और उन्हें आप में शामिल होने के लिए ऑफर भी दिया। फिलहाल, भाजपा नेता ने सोच-विचार करने के लिए समय मांगा है। यह नेता डॉ. राजीव बिंदल के करीबी माने जाते हैं। कुछ समय पहले ही इन्होंने भाजपा के बड़े ओहदों से इस्तीफा दे दिया था।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के यह नेता बीते कुछ समय से पार्टी से नाराज हैं। उन्होंने पार्टी से इस्तीफा भी इसलिए दिया था क्योंकि उन्हें ओहदा तो दे दिया था, मगर अनदेखी जारी थी। यही नहीं, इस्तीफा देने के बाद भी उनसे आज तक भाजपा के बड़े नेताओं ने संपर्क नहीं साधा।
अभी कोई नुकसान नहीं हुआ है। अगर निष्कासितों से संपर्क करेंगे तो इसका कोई असर नहीं होगा। जहां तक सोलन के नेता की बात है तो वह भी पहले ही पार्टी का पद छोड़ चुके हैं। भाजपा का कार्यकर्ता परिपक्व, शिक्षित और प्रशिक्षित है। उसे भाजपा की नीति और नेतृत्व में विश्वास है। अगर कोई भाजपा छोड़ता है तो वह पार्टी का कार्यकर्ता नहीं है। - करण नंदा, सह मीडिया प्रभारी, प्रदेश भाजपा