लाहौल में गिरे एक दर्जन हिमखंड, पांच पंचायतों का संपर्क कटा, ठंड से मजदूर की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमखंड खिसकने से लाहौल की पांच पंचायतों का संपर्क जिला मुख्यालय केलांग से कट गया है। दालंग मैदान से लेकर तांदी पुल तक करीब पांच किलोमीटर के दायरे में जगह-जगह करीब एक दर्जन हिमखंड गिरने से नेशनल हाईवे अवरुद्ध है। घाटी की पांच पंचायतों मूलिंग, गोंदला, खंगसर, सिस्सू और कोकसर का केलांग से संपर्क कट गया है। उधर, प्रदेश के आठ जिलों में गुरुवार को भी बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी का पूर्वानुमान है।
मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना है। बुधवार को रोहतांग में बर्फबारी, धर्मशाला में बारिश हुई। मैक्लोडगंज में ओले गिरने से सड़कें सफेद हो गईं। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। जिला कुल्लू के कुछ इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि हुई।
बुधवार दोपहर बाद एनएच-305 छोटे वाहनों के लिए बहाल हो गया। बुधवार को ऊना में अधिकतम तापमान 28.8, कांगड़ा में 26.1, बिलासपुर में 26.0, हमीरपुर में 25.8, भुंतर में 25.5, चंबा में 24.3, सोलन में 24.2, नाहन में 23.2, धर्मशाला में 19.2, शिमला में 17.7, कल्पा में 12.9 और केलांग में 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
ठंड से परियोजना के मजदूर की मौत
पुलिस थाना पतलीकूहल के तहत आने वाले हलाण-2 के बजारा नाला में एक मजदूर की ठंड के चलते मौत हो गई। वह कंचनजंगा परियोजना में काम करता था। पुलिस के अनुसार बुधवार को पुलिस ने मौके पर पाया कि मोहम्मद अशरफ (45) पुत्र गन्नी गुर्जर, निवासी दिछल, डाकघर मलगु, तहसील गंडोह, जिला डोडा, जम्मू बिस्तर पर मृत पड़ा था।
मृतक के बेटे जाफर ने बताया कि मंगलवार रात मोहम्मद अशरफ और उसके भाई यासिर हुसैन ने खाना खाया और सोने के लिए बिस्तर पर चले गए। रात को लगभग तीन बजे अशरफ ने कहा कि उसे ठंड लग रही है। इसके बाद जाफर ने अपने पिता को कंबल दिया और सो गया। सुबह जब देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी। एसपी गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि शव पर कोई चोट का निशान नहीं मिला। 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्र न्यूनतम तापमान (डिग्री से. में)
केलांग - 5.8
कल्पा 1.2
कुफरी 4.0
डलहौजी 6.5
शिमला 7.2