पानी के लिए 90 हजार विद्यार्थियों को मुफ्त मिलेंगी स्टील की बोतलें
-
- 1
-
Link Copied
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले नवीं कक्षा के 90 हजार विद्यार्थियों को स्टेनलेस स्टील की पानी की बोतलें दी जाएंगी। विद्यार्थियों को मुफ्त में पानी की बोतलें उपलब्ध करवाने की जयराम सरकार ने प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस बाबत 11 अक्तूबर को शिक्षा, खाद्य आपूर्ति निगम और पर्यावरण विभाग के अधिकारियों की बैठक होने जा रही है। स्टेनलेस स्टील बोतलों की राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के माध्यम से खरीद होगी। पर्यावरण विभाग इसके लिए बजट देगा।
पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को पीने के पानी के लिए स्टेनलेस स्टील की बोतलें देने की घोषणा की थी।
सरकार ने इस वजह से लिया यह फैसला
प्लास्टिक की बोतलों पर प्रतिबंध लगाते हुए सरकार ने यह फैसला लिया। इसी कड़ी में अब शिक्षा विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया है। एक साथ सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों को बोतलें देने के लिए बजट अधिक खर्च होने के चलते चरणबद्ध तरीके से बोतलें देने की योजना है।
विभाग के प्रस्ताव के तहत सबसे पहले नवीं कक्षा के विद्यार्थियों को स्टील की बोतलें दी जाएंगी। नवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या करीब 90 हजार है। स्टील की बोतलों की खरीद के लिए राज्य खाद्य आपूर्ति निगम टेंडर आमंत्रित करेगा।
3800 पहुंचा प्री प्राइमरी स्कूलों में दाखिले का आंकड़ा
सरकारी प्री प्राइमरी स्कूलों में बुधवार को 1300 से अधिक बच्चों का नर्सरी कक्षा में दाखिला हुआ। दो दिनों के दौरान प्रदेश में दाखिले का आंकड़ा 3800 पहुंच गया है। समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक आशीष कोहली ने बताया कि दाखिले की ऑनलाइन मानीटरिंग की जा रही है।
892 स्कूलों ने 3800 दाखिलों का डाटा अपलोड कर दिया है। उन्होंने बताया कि सभी स्कूलों का डाटा अपलोड होने पर दाखिलों की संख्या काफी अधिक हो जाएगी। आठ अक्तूबर से इन स्कूलों में सत्र शुरू होगा।