{"_id":"5c02d3bdbdec22417c728c1b","slug":"71543689149-shimla-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"शहर में कल से अलग-अलग उठेगा गीला-सूखा कचरा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शहर में कल से अलग-अलग उठेगा गीला-सूखा कचरा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
Updated Sun, 02 Dec 2018 11:01 AM IST
विज्ञापन
अब आपको गीला और सूखा कचरा अलग रखना होगा। सोमवार से सैहब सोसायटी के कर्मचारी गीला और सूखा कचरा अलग-अलग उठाएंगे। नगर निगम कल से पूरे शहर में नई सफाई व्यवस्था लागू करने जा रहा है। निगम ने पहली दिसंबर से यह व्यवस्था लागू करने का दावा किया था लेकिन शनिवार को ज्यादातर घरों से गीला और सूखा कचरा इकट्ठा ही उठा। लोगों को पता नहीं था कि अब सभी घरों में गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखना जरूरी होगा।
विज्ञापन
अब सोमवार से इसे लागू करने का दावा किया जा रहा है। अब तक पटयोग, इंजनघर और जाखू से ही गीला और सूखा कचरा अलग उठाने की व्यवस्था थी। लेकिन नगर निगम अब सोमवार से सभी वार्डों में इसे लागू करने जा रहा है। निगम प्रशासन पार्षदों के जरिए सभी वार्डों के लोगों को जागरूक कर रहा है। इसके अलावा निगम के अधिकारी भी स्कूलों और कॉलोनियों में इस योजना के बारे में लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
विज्ञापन
कचरे के लिए अलग बैग, कूड़ेदान और गाड़ी
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि गीला और सूखा कचरा अलग-अलग उठाने के लिए कर्मचारियों को दो बैग दिए जाएंगे। इसके अलावा गाड़ियों में भी इन्हें उठाने की अलग-अलग व्यवस्था रहेगी। शहर में कूड़ेदानों को भी दो भागों में बांटकर गीला और सूखा कचरा रखने की व्यवस्था की गई है। जनवरी में होने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण से पहले नगर निगम इसे सभी वार्डों में लागू करने की तैयारी कर रहा है।
विज्ञापन
मुहिम में सहयोग दें लोग : डॉ. चोपड़ा
पूरे शहर में सोमवार से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग उठाया जाएगा। पार्षद और नगर निगम के अधिकारी स्कूलों, मोहल्लों और बाजारों में जाकर लोगों को इसके बारे में जागरूक कर रहे हैं। लोग निगम की इस मुहिम में सहयोग दें। गीला और सूखा कचरा अलग रखें। - डॉ. सुरेखा चोपड़ा, निगम स्वास्थ्य अधिकारी