Himachal: बालीचौकी में भरभरा कर गिरा 30 कमरों का मकान, लाइव वीडियो आया सामने
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के बालीचौकी उपमंडल के मुख्य बाजार में बीती रात को दो लोगों का 30 कमरों का मकान भरभरा कर जमींदोज हो गया। गनीमत रही कि मकान को पहले ही खाली करवा दिया गया था जिससे किसी भी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। मकान गिरने का लाइव वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार जमींदोज मकान बली राम और बीरी सिंह का है।
इसमें आठ दुकानें और 30 कमरे थे। यह भवन किराये पर दिए हुए थे। बीते बुधवार को यहां जमीन धंसने का सिलसिला शुरू हुआ जिसके कारण यहां घरों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गईं। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर खतरे को भांपते हुए इन भवनों को खाली करवा दिया था। इन भवनों में 60 से अधिक परिवार रहते और 40 से अधिक दुकानदार अपना कारोबार करते हैं। अब दूसरे स्थानों पर और प्रशासन की तरफ से बनाए गए राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं।
घरों से कुछ सामान को निकाल लिया गया है जबकि कुछ सामान अभी भी इनके अंदर ही है और उसे निकालना संभव नहीं है। जमीन धंसने के कारण बालीचौकी, शारश, खलाओ और रही के लिए जाने वाले रास्ते भी ध्वस्त हो गए हैं। बच्चों को भी स्कूल आने-जाने के लिए रास्ता नहीं रहा है। उधर, एसडीएम बालीचौकी देवी चंद ने बताया कि हादसे में किसी भी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। प्रभावितों को प्रशासन की तरफ से हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है।
वर्ष 2023 से शुरू हुआ है यहां जमीन धंसने का सिलसिला
यहां वर्ष 2023 में जमीन धंसने का सिलसिला शुरू हुआ है। उस वक्त भी बालीचौकी में नाग मंदिर के पास पहाड़ धंसने के कारण 6 भवन तबाह हो गए थे। यह पूरा एक किलोमीटर की ढलान है जो लगातार धंसती जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.