खड्ड में डूबने से 22 साल के युवक की मौत, अस्पताल में तोड़ा दम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उपमंडल नादौन के अंतर्गत बहती कुनाह खड्ड में नहाने उतरे एक 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक की पहचान शुभम शर्मा पुत्र राकेश कुमार निवासी गांव तकरेहड़ी डाकघर सुधयाल भूंपल उपमंडल नादौन, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस नादौन अस्पताल में पहुंची। पुलिस ने केस दर्ज कर मौत के कारणों की तफ्तीश शुरू कर दी है। शुभम शर्मा भारतीय सेना में भर्ती होने का इच्छुक था और इससे पूर्व वह सेना की भर्ती रैलियों में भाग ले चुका था, लेकिन सफल नहीं हो पाया।
इसी साल फरवरी माह में भी वह सेना भर्ती रैली में भाग लेने गया था। शुभम का बड़ा भाई गांव में ही मजदूरी करता है, जबकि माता और पिता घर पर ही रहते हैं।
परिवार बीपीएल से संबंध रखता है। शनिवार दोपहर को शुभम शर्मा अपनी पंचायत दंगड़ी में गर्मी के मौसम में स्थानीय लोगों की ओर से लगाई छबील में समाजसेवा कर रहा था।
पैर फिसलने से शुभम गहने पानी में जा पहुंचा
दोपहर बाद करीब तीन बजे शुभम अपने कुछ दोस्तों के साथ नहाने के लिए रंगस कस्बे की कुनाह खड्ड में चला गया। जहां पर पैर फिसलने से शुभम गहने पानी में जा पहुंचा।
स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद स्थानीय लोग उसे उपचार के लिए नादौन अस्पताल ले गए। जहां पर चिकित्सकों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया और पानी को शरीर से बाहर निकाला लेकिन, युवक ने दम तोड़ दिया।
उधर, पुलिस थाना नादौन के प्रभारी महेंद्र सिंह परमार ने बताया कि उन्हें इमरजेंसी रिस्पांस नंबर 112 से सूचना मिली थी कि कोई युवक खड्ड में डूब गया है।
सूचना मिलने के बाद जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।