Nati Dance: सराहां में 2,100 महिलाओं ने एक साथ लगाया नाटी का फेरा, देखें वीडियो
खेल मैदान में उमड़ी महिलाओं ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों पर टोलियों में नृत्य किया, जो लोगों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बना रहा। ऐसा पहली बार हुआ जब मेले में इस तरह का आयोजन हुआ और एक साथ मेले में इतनी महिलाओं ने नाटी डाली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के सराहां में चल रहे राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेले के दूसरे दिन स्थानीय राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के मैदान में 2100 महिलाओं ने एक साथ नाटी डाली। ऐसा पहली बार हुआ जब मेले में इस तरह का आयोजन हुआ और एक साथ मेले में इतनी महिलाओं ने नाटी डाली। खेल मैदान में उमड़ी महिलाओं ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों पर टोलियों में नृत्य किया, जो लोगों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस आयोजन के लिए क्षेत्र के महिला मंडलों, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, समाजसेवी महिलाओं के साथ-साथ क्षेत्र की अन्य महिलाओं को आमंत्रित किया गया था। प्रशासन ने राज्य स्तरीय उत्सव पर पहली बार इस तरह के आयोजन की व्यवस्था की। हालांकि, प्रशासन ने 5100 महिलाओं के नाटी में हिस्सा लेने का लक्ष्य रखा था, लेकिन सूचना में देरी से कम महिलाएं ही अपनी उपस्थिति दर्ज करवा पाईं। एसडीएम पच्छाद डा. संजीव धीमान ने बताया कि प्रशासन का ये पहला प्रयास था। अगली बार इसे ऐतिहासिक बनाया जाएगा।
विशाल दंगल में उतरे नामी पहलवान
वामन द्वादशी मेले के दूसरे दिन हुए विशाल दंगल में विभिन्न राज्यों के पहलवानों ने हिस्सा लेकर अपने दांव-पेच से लोगों को रोमांचित किया। इस दौरान चंडीगढ़ पुलिस के अमित कुमार, सोनीपत के अजयदीप, हरियाणा के संजय और सोलन के दीपक ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। शुक्रवार को माली जीते के लिए पहलवान दमखम दिखाएंगे। मेले में पच्छाद की विधायक रीना कश्यप बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं। उन्होंने इस मौके सराहां के ऐतिहासिक शिरगुल तालाब के सौंदर्यकरण के लिए 10 लाख रुपये और अपनी ऐच्छिक निधि से एक लाख रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर एसडीएम पच्छाद डॉ. संजीव धीमान, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र नेहरू, तहसीलदार विपिन कुमार और नरेंद्र कुमार समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।