हिमाचल के 12 शिक्षकों को मिलेगा राज्य स्तरीय पुरस्कार, सूची जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के 12 शिक्षकों को इस साल राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार मिलेगा। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने पुरस्कार देने के लिए चुने शिक्षकों की सूची जारी कर दी है।
पांच सितंबर को राजधानी शिमला स्थित राज्य अतिथिगृह पीटरहॉफ में राज्यपाल और मुख्यमंत्री शिक्षकों को सम्मानित करेंगे। बीते साल के मुकाबले इस साल चार पुरस्कार कम दिए जाएंगे।
निदेशालय पहुंचे आवेदनों में से सरकार को योग्य शिक्षक नहीं मिलने के चलते इस बार संख्या कम हो गई है। शिमला, मंडी और सिरमौर जिले से दो-दो शिक्षकों तथा कांगड़ा, सोलन, हमीरपुर, ऊना, चंबा, बिलासपुर से एक-एक शिक्षक का चयन हुआ है।
कुल्लू, लाहौल स्पीति, किन्नौर से एक भी शिक्षक चयनित नहीं हुआ। राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों को एक साल का सेवा विस्तार दिया जाएगा।
बीते साल के नेशनल अवार्डी को मिलेगा राज्य पुरस्कार
साल 2018 में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त कर चुके कांगड़ा जिले के जेबीटी शिक्षक सुनील कुमार को इस साल राज्य पुरस्कार से नवाजा जाएगा। सुनील कुमार कांगड़ा जिला की ज्वालामुखी तहसील के राजकीय प्राथमिक पाठशाला बंडोल में तैनात हैं।
इन शिक्षकों को मिलेगा राज्य स्तरीय अवार्ड
शिक्षा विभाग ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जंदडू जिला हमीरपुर के प्रवक्ता यजनीश कुमार, सिरमौर के शरिया स्कूल के प्रवक्ता सत्यपाल सिंह, शिमला के समरहिल स्कूल के डीपीई संतोष कुमार चौहान, मंडी के कमांद स्कूल के टीजीटी नेत्र सिंह, सोलन के कुनिहार स्कूल के शास्त्री नंद किशोर, ऊना के नैरी स्कूल के जेबीटी सितेंद्र कुमार मिन्हास, कांगड़ा के खारटी स्कूल के जेबीटी शिक्षक विजय कुमार पुरी, सिरमौर के मियुन्ता के जेबीटी शिक्षक नारायण दत्त, बिलासपुर के नंद स्कूल के जेबीटी शिक्षक आशा राम, शिमला के रोहड़ू स्कूल के जेबीटी शिक्षक प्रदीप मुखिया, चंबा के सुंडला स्कूल के जेबीटी शिक्षक युद्धवीर और जिला मंडी के सिराज दो स्कूल के टीजीटी नरेश कुमार को पुरस्कार दिया जाएगा।
चंबा के विकास महाजन को मिलेगा राष्ट्रीय शिक्षक अवार्ड
राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा के प्रधानाचार्य विकास महाजन को राष्ट्रीय शिक्षक अवार्ड से नवाजा जाएगा। पांच सितंबर को नई दिल्ली में उन्हें पुरस्कार प्राप्त होगा। हिमाचल से इस बार राष्ट्रीय शिक्षक अवार्ड के लिए एक ही शिक्षक का चयन हुआ है।