Asian Games: एशियाई खेलों के लिए 12 सदस्यीय कबड्डी टीम घोषित, पांच खिलाड़ी हिमाचल से
19वें एशियाई खेलों के लिए केंद्रीय खेल मंत्रालय ने देश की कबड्डी टीम की घोषणा कर दी है। शुक्रवार को घोषित 12 सदस्यीय कबड्डी टीम में सूबे की पांच महिला खिलाड़ियों ने जगह पाई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चीन के हांगझोऊ शहर में अक्तूबर में होने वाले 19वें एशियाई खेलों के लिए केंद्रीय खेल मंत्रालय ने देश की कबड्डी टीम की घोषणा कर दी है। शुक्रवार को घोषित 12 सदस्यीय कबड्डी टीम में सूबे की पांच महिला खिलाड़ियों ने जगह पाई है। हालांकि, इनमें से तीन खिलाड़ी अभी रेलवे के लिए खेल रही हैं। विशेष बात यह है कि पांच खिलाड़ियों में तीन सिरमौर के शिलाई की रहने वाली हैं। इसके अलावा टीम में पांच खिलाड़ी हरियाणा और दो महाराष्ट्र से ताल्लुक रखती हैं। कबड्डी की खिलाड़ी इन दिनों पटियाला में एशियाई खेलों के लिए तैयारियां कर रही हैं। 3 अगस्त को शुरू हुआ प्रशिक्षण शिविर 30 अगस्त तक चलेगा।
केंद्रीय खेल मंत्रालय की ओर से जारी सूची के मुताबिक भारत की महिला कबड्डी टीम में सिरमौर जिले की पुष्पा राणा, सुषमा शर्मा और रितु नेगी, सोलन से ज्योति और बिलासपुर से निधि शर्मा को शामिल किया गया है। वहीं, हरियाणा से पूजा नरवाल, अक्षिमा, पूजा खदला, साक्षी कुमारी, प्रियंका और महाराष्ट्र स्नेहल शिंदे और सोनाली टीम में शामिल हैं। हरियाणा की साक्षी कुमारी राजस्थान और अक्षिमा झारखंड के लिए खेल रही हैं। हिमाचल से कबड्डी टीम में शामिल पुष्पा राणा, सुषमा शर्मा और रितु नेगी शिलाई क्षेत्र से हैं। ऐसा शायद पहली बार हुआ है कि सिरमौर की तीन महिला खिलाड़ी एक साथ भारतीय टीम में शामिल हुई हैं।
इससे परिजनों समेत पूरे जिले के लोगों में खुशी का माहौल है। पुष्पा राणा 2019 में नेपाल के काठमांडू में साउथ एशियन गेम्स खेल चुकी हैं। वहीं, हरियाणा में इसी साल हुए 69वें सीनियर नेशनल में टीम की कप्तान भी रह चुकी हैं। वहीं, शिलाई की रितु नेगी रेलवे में सेवाएं दे रही हैं। बिलासपुर की निधि राजस्थान पुलिस में सेवारत हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिलाई क्षेत्र की तीन बेटियों ने एक साथ महिला कबड्डी की भारतीय टीम में जगह बनाकर बड़ी कामयाबी हासिल की है।
भारतीय खेल प्राधिकरण के सेंटर ऑफ एक्सीलेंसी धर्मशाला के प्रभारी राकेश जस्सल ने बताया कि 19वें एशियाई खेलों के लिए चयनित भारतीय महिला कबड्डी टीम में हिमाचल की पांच महिला खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इसमें पुष्पा और ज्योति साई सेंटर ऑफ एक्सीलेंसी धर्मशाला से हैं।