नए साल के जश्न के लिए शिमला से मनाली तक सभी होटल पैक, कारोबारी उत्साहित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नए साल का जश्न मनाने के लिए शिमला से मनाली तक के तमाम होटल पर्यटकों से पैक हो गए हैं। क्रिसमस पर भी सूबे के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार रहे। अधिकांश सैलानी अब 31 दिसंबर को नए साल 2018 का जश्न मनाने के बाद लौटेंगे।
एडवांस बुकिंग से दिसंबर आखिर तक होटलों में सौ फीसदी ऑक्यूपेंसी चल रही है। सीजन के इस उत्साह को भुनाने के लिए होटल कारोबारियों और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम ने पूरे इंतजाम किए हैं।
पर्यटकों को कई लुभावने पैकेज दिए जा रहे हैं। शिमला में करीब 260 होटल हैं जो पूरी तरह से पैक हैं। ऐतिहासिक रिज मैदान पर सोमवार को सैलानियों का सैलाब उमड़ आया।
राजधानी से सटे मशोबरा, नालदेहरा, कुफरी और नारकंडा के करीब डेढ़ सौ होटलों की ऑक्यूपेंसी सौ फीसदी चल रही है। मनाली में होटलों की ऑक्यूपेंसी बीते वर्ष से ज्यादा चल रही है।
दिल्ली से परिवार के साथ डलहौजी घूमने आए रजत ने बताया कि वह व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद लेकर आए थे लेकिन यहां चटक धूप है। फिर भी उन्होंने लक्कड़ मंडी में जमी बर्फ से खेलने का खूब मजा लिया।
2500 के पैकेज में फुल मस्ती
नए साल के जश्न को यादगार बनाने के लिए पर्यटन निगम ने कई खास पैकेज दिए हैं। धर्मशाला और मैक्लोडगंज के होटलों में निगम ने 2500 रुपये के विशेष पैकेज में वेल्कम ड्रिंक, स्नैक्स और कपल डांस का इंतजाम किया है।
एचपीटीडीसी के सभी 59 होटल पैक हैं। शिमला, मनाली, धर्मशाला, चायल, बड़ोग के होटलों में ज्यादातर बाहरी प्रदेशों के सैलानी ठहरे हैं। क्रिसमस के बाद नए साल पर सौ फीसदी ऑक्यूपेंसी रहेगी। निगम ने विशेष पैकेज दिए हैं।-विजय शर्मा, महाप्रबंधक एचपीटीडीसी
हो रही एडवांस बुकिंग
शिमला में जनवरी के पहले हफ्ते तक की एडवांस बुकिंग हो रही है। शिमला शहर के अंदर होटलों में ऑक्यूपेंसी सौ फीसदी है। आसपास के क्षेत्रों में भी होटल और होम स्टे बुक हैं।- मनु सूद, महासचिवट्रेवल एजेंट एसोसिएशन शिमला
वहीं, नए वर्ष की पूर्व संध्या पर शिमला में सबसे बड़ी चुनौति पार्किग की होगी। एमसी और जिला प्रशासन को पार्किंग की उचित व्यवस्था करनी होगी, अन्यथा पूरा शहर जाम हो सकता है।