एसीबी का एक्शन: उदयपुर में एवीवीएनएल का जेईएन रिश्वत लेते गिरफ्तार, बिजली कनेक्शन के लिए मांगे थे 15 हजार
उदयपुर में एसीबी ने एवीवीएनएल के जेईएन सागर मीणा को घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए मांगी गई रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया। आरोपी 5 हजार रुपए पहले ले चुका था और सोमवार को कार्यालय में शेष 10 हजार रुपए लेते रंगे हाथ पकड़ा गया।
विस्तार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की उदयपुर इकाई ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) के एक जूनियर इंजीनियर (जेईएन) को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सागर मीणा के रूप में हुई है, जो एवीवीएनएल कार्यालय देबारी, उदयपुर में तैनात है। आरोपी ने निर्माणाधीन मकान पर घरेलू बिजली कनेक्शन जारी करने की एवज में रिश्वत की मांग की थी।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने एसीबी उदयपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, परिवादी ने गांव खाम की मादड़ी स्थित अपने निर्माणाधीन मकान पर घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए ई-मित्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके बाद 18 अगस्त 2026 को जेईएन सागर मीणा और लाइनमैन प्रेमजी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिजली कनेक्शन के लिए डीपी और पोल लगाए जाने की आवश्यकता बताई।
सरकारी राशि के अलावा मांगे 35 हजार रुपए
परिवादी के अनुसार, जेईएन सागर मीणा ने सरकारी डिमांड राशि के अलावा 35 हजार रुपए खर्चा-पानी के नाम पर मांगे थे। बाद में परिवादी और उसके मित्र ने जेईएन से बातचीत की तो रिश्वत की रकम घटाकर 15 हजार रुपए कर दी गई। आरोप है कि जेईएन ने कहा था कि रिश्वत की रकम दिए बिना घरेलू बिजली कनेक्शन की फाइल आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। इसके बाद परिवादी ने मामले की शिकायत एसीबी से की। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान आरोपी जेईएन परिवादी से 5 हजार रुपए रिश्वत के रूप में ले चुका था। शेष 10 हजार रुपए बाद में देने का तय हुआ था।
पढे़ं: जिस सेंटर पर NEET PG की परीक्षा रद्द हुई, उसी सेंटर पर AIIMS CRE-5 के एग्जाम को लेकर बवाल; वजह क्या?
कार्यालय में रिश्वत लेते ही दबोचा
मामले में एसीबी उपमहानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार के निर्देशन में ट्रैप कार्रवाई की गई। पुलिस निरीक्षक रामसुमेर मीणा के नेतृत्व में टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी जेईएन सागर मीणा को उसके कार्यालय में परिवादी से शेष 10 हजार रुपए नकद रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के पर्यवेक्षण में आरोपी के उदयपुर और बांसवाड़ा स्थित आवासीय मकान एवं फ्लैट की तलाशी ली जा रही है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।