राजस्थान: हाईकोर्ट से लूणी के किसानों को राहत, खरीफ-2021 फसल बीमा क्लेम पर दोबारा होगा विचार
राजस्थान हाईकोर्ट ने खरीफ-2021 फसल बीमा मुआवजे के मामले में लूणी के किसानों को राहत दी है। अदालत ने सीटीएसी को किसानों, बीमा कंपनी और राज्य सरकार का पक्ष सुनकर दस्तावेजों का पुनर्मूल्यांकन करने और मुआवजा दोबारा तय करने का निर्देश दिया।
विस्तार
राजस्थान उच्च न्यायालय ने जोधपुर जिले के लूणी क्षेत्र के किसानों को खरीफ-2021 के फसल बीमा मुआवजे के मामले में बड़ी राहत दी है। अदालत ने केंद्रीय तकनीकी सलाहकार समिति (सीटीएसी) को निर्देश दिया है कि वह प्रभावित किसानों का पक्ष सुनकर उनके फसल बीमा क्लेम पर दोबारा विचार करे। न्यायमूर्ति विनीत कुमार माथुर और न्यायमूर्ति संदीप शाह की पीठ ने चार अलग-अलग सिविल रिट याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह आदेश जारी किया। अदालत ने स्पष्ट किया कि किसानों की बात सुने बिना मुआवजे की राशि तय करना सर्वथा अनुचित था। अब समिति को किसानों के दस्तावेज देखकर और उनका पक्ष सुनकर मुआवजा राशि नए सिरे से तय करनी होगी।
अदालत का निर्देश और सुनवाई अवसर
उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने केंद्रीय समिति को आदेश दिया कि वह याचिकाकर्ता किसानों, बीमा कंपनी और राज्य सरकार के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में इस विवाद पर जल्द सुनवाई करे। पीठ ने कहा कि प्राकृतिक आपदा झेल चुके किसानों को सुनवाई का पूरा अवसर दिया जाना आवश्यक है। समिति को निर्देश दिया गया है कि वह प्रस्तुत दस्तावेज का पुनर्मूल्यांकन कर शीघ्र ही उचित आदेश पारित करे। इस निर्णय से लूणी तहसील के सैकड़ों किसानों को अपनी बात आधिकारिक पटल पर रखने और उचित मुआवजा राशि मिलने की उम्मीद जगी है।
फसल बर्बादी और याचिकाकर्ताओं मांग
लूणी तहसील की ग्राम पंचायत सिनली की सरपंच लक्ष्मी देवी, अनोप सिंह, रामू राम, भल्ला राम और ग्राम सेवा सहकारी समिति सुबदंड के अध्यक्ष तिला राम ने उच्च न्यायालय में याचिकाएं दायर की थीं। याचिकाओं में बताया गया कि वर्ष 2021 के खरीफ सीजन में भीषण सूखे के कारण किसानों की फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई थीं। राज्य सरकार की रिपोर्ट में भी क्षेत्र में 100 प्रतिशत फसल नुकसान दर्ज हुआ था। इसके बावजूद प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़ी फ्यूचर जनरली इंडिया इंश्योरेंस कंपनी ने नुकसान के अनुपात में पूरा मुआवजा जारी नहीं किया।
बीमा कंपनी और राज्य सरकार पक्ष
याचिकाकर्ताओं का आरोप था कि समिति ने राज्य सरकार की शत-प्रतिशत नुकसान दर्शाने वाली रिपोर्ट की अनदेखी की और किसानों को अपना पक्ष रखने का मौका नहीं दिया। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार और बीमा कंपनी के वकीलों ने अदालत को बताया कि समिति की 30 सितंबर 2022 को दी गई सिफारिशों के आधार पर मुआवजे का आकलन करके राशि बांटी जा चुकी है। हालांकि, किसानों को सुनवाई का अवसर न मिलने के आधार पर उन्होंने मामला दोबारा समिति को भेजने पर कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई।
