Viral Photo: बिना बिजली का पोल हटाए ठेकेदार ने बना दी सड़क, लोगों ने सोशल मीडिया पर सरकार को घेरा
राजस्थान के बाड़मेर जिले के एक गांव में बनी सड़क ने सोशल मीडिया पर गहलोत सरकार की किरकिरी करा दी। नई बनी सड़क के बीचों-बीच लगे बिजली के पोल की तस्वीर जमकर वायरल हो रही थी। इसे लेकर लोगों ने सरकार को ट्रोल करना शुरू कर दिया। हालांकि अब इस पोल को हटा दिया गया है।
विस्तार
Viral Photo: राजस्थान के बाड़मेर जिले की एक सड़क की तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। इस तस्वीर के साथ गहलोत सरकार को ट्रोल किया जा रहा है। तस्वीर में एक चमाचम सड़क दिख रही है, लेकिन बीच रोड पर एक बिजली का पोल लगा हुआ है। ठेकेदार ने बिना पोल हटाए ही सड़क का निर्माण कर दिया। इसी बात को लेकर सीएम गहलोत और कांग्रेस सरकार को ट्रोल किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बाड़मेर विधानसभा क्षेत्र के बांद्रा गांव में एक सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। यह सड़क कई साल पहले बनी थी। अब दो दिन पहले सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। गांव के सरपंच ने बिजली का पोल को हटाने के लिए विद्युत विभाग को जानकारी दी गई थी, लेकिन विभाग ध्यान नहीं दिया। इसके बाद ठेकेदार ने भी इंतजार न करते हुए सड़क का निर्माण करवा दिया। बीच सड़क पर लगे इसे पोल से 11 केवी तार गुजर रहे हैं।
बिजली विभाग ने नहीं दिया ध्यान
बांद्रा गांव के रहने वाले विशनाराम ने बताया कि सड़क निर्माण से पहले विद्युत विभाग को पोल हटाने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद भी विभाग ने बिजली के पोल को नहीं हटाया। एक दिन पहले ठेकेदार ने सड़क का निर्माण कर दिया। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें सड़क पर आने-जाने वाले लोग बीच सड़क पर लगे इस पोल को राहगीरों के लिए खतरा बता रहे हैं।
अब हटाया गया पोल
सड़क को लेकर सोमवार देर शाम से सोशल मीडिया पर कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को ट्रोल किया जा रहा था। सोशल मीडिया पर फोटो आने के बाद मामला सरकार और प्रशासन की नजर में आया। इसके बाद मंगलवार को बिजली विभाग ने बीच सड़क पर लगे पोल को हटा लिया है।