बूंदी: खेत की फेंसिंग में बुरी तरह फंसा पैंथर, घंटों करता रहा छटपटाहट; रणथम्भौर से पहुंची टीम ने किया रेस्क्यू
बूंदी के मोहनपुरा गांव में रामगढ़ टाइगर रिजर्व से निकला पैंथर खेत की लोहे की फेंसिंग में फंस गया। रणथम्भौर से पहुंची विशेषज्ञ टीम ने उसे ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित बाहर निकाला। घायल पैंथर को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया।
विस्तार
बूंदी जिले में रामगढ़ टाइगर रिजर्व की इंद्रगढ़ रेंज के मोहनपुरा गांव में सोमवार सुबह एक पैंथर खेत में लगी लोहे की फेंसिंग में बुरी तरह फंस गया। खुद को छुड़ाने के लिए पैंथर काफी देर तक छटपटाता रहा। इस दौरान उसके शरीर पर कई जगह चोटें भी आईं। पैंथर के फंसने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर इंद्रगढ़ रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंचे। पैंथर के बुरी तरह फंसे होने और घायल होने की आशंका को देखते हुए अधिकारियों को जानकारी दी गई। इसके बाद सवाई माधोपुर के रणथम्भौर टाइगर रिजर्व से विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को बुलाया गया।
ट्रेंकुलाइज कर फेंसिंग काटकर निकाला बाहर
विशेषज्ञ टीम आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पैंथर को ट्रेंकुलाइज कर काबू किया गया। इसके बाद लोहे की फेंसिंग को काटकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया। पैंथर के बाहर निकलने के बाद वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली।
शरीर पर आई चोटें, चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा
फेंसिंग में लंबे समय तक फंसे रहने और बाहर निकलने के लिए संघर्ष करने के दौरान पैंथर के शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। रेस्क्यू के बाद उसे स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पशु चिकित्सकों की टीम के सुपुर्द किया गया। चिकित्सक उसकी स्थिति की जांच कर रहे हैं। पैंथर को जंगल में छोड़ा जाएगा या कोटा चिड़ियाघर भेजा जाएगा, इसका निर्णय वन विभाग के उच्च अधिकारी करेंगे।
पैंथर को देखने उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
मोहनपुरा गांव में पैंथर के फेंसिंग में फंसे होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। हर कोई उसे नजदीक से देखने के लिए उत्सुक था। लोगों की बढ़ती भीड़ से रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा आने और सुरक्षा संबंधी खतरा पैदा होने की आशंका को देखते हुए इंद्रगढ़ तहसीलदार और थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को घटनास्थल से सुरक्षित दूरी पर हटाया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने बिना किसी बाधा के रेस्क्यू अभियान पूरा किया।
रामगढ़ टाइगर रिजर्व से सटा है पूरा क्षेत्र
वन विभाग के अनुसार मोहनपुरा गांव का पूरा क्षेत्र रामगढ़ टाइगर रिजर्व से जुड़ा हुआ है। ऐसे में जंगल से निकलकर वन्यजीवों का आसपास के खेतों और ग्रामीण इलाकों में पहुंचना सामने आता रहता है। पैंथर के फेंसिंग में फंसने की इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा और खेतों में लगी फेंसिंग को लेकर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पैंथर का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। उसे जंगल में छोड़ने या अन्यत्र भेजने के संबंध में वन विभाग के अधिकारियों के निर्णय का इंतजार है।